- अपने जन्मदिन पर माता जी से लिया मुख्यमंत्री ने आशीर्वाद, पत्नी ने उतारी आरती
- मुख्यमंत्री ने की अपने गुरु की पूजा
- जन्मदिन की बधाई देने ग्रामीणों और शुभचिंतको की उमड़ी भीड़
द सीजी न्यूज
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने जन्मदिन के अवसर पर गृह ग्राम बगिया में आयोजित आशीर्वाद समारोह में कहा कि आज सभी का आशीर्वाद, प्यार, स्नेह पाकर खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा हूँ। आपसे मिले स्नेह के इस ऋण को चुकाने के लिए मेरे पास शब्द भी नहीं है। आपका आशीर्वाद हमेशा मिलता रहेगा, यही कामना है। उन्होंने कहा कि आप सभी मेरी ताकत हैं और यही ताकत राज्य में मोदी की गारंटी को पूरा करेगी। राज्य को विकास की राह पर ले जाएगी।


मुख्यमंत्री ने कहा कि आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित विशिष्टजनों का आशीर्वाद और शुभकामनाएं पाकर अभिभूत हूं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि जन्मदिन के अवसर पर हमेशा अपने पैतृक निवास में परिवार और मित्रों के बीच रहकर अनुष्ठान में शामिल होने की परंपरा निभाता आया हूं, जो आज भी कायम रही। आज मुझे दूरदराज के जिलों से भी जन्मदिन की बधाई देने लोग आए थे। उन सभी का अभिनन्दन है। उन्होंने अपने जन्मदिन के इस खास मौके पर ग्राम बगिया स्थित निवास में अपनी माता जसमनी साय से आशीर्वाद लिया। उनकी धर्मपत्नी कौशल्या देवी साय ने उनका आरती की थाल से स्वागत किया। मिठाई खिलाई और उनके दीर्घायु होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर अपने निवास में अपने गुरु धनपति पंडा की सपरिवार पूजा भी की।

बगिया के लाल के जन्मदिन पर के मौके पर उन्हें अपने बीच पाकर गांव के लोग खुशी से झूम उठे। आस-पास के गांवों से बड़ी संख्या में आए लोगों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। सभी ने बारी-बारी से फूल देकर मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी। कई लोगों ने उनका अभिनन्दन कर उनके साथ सेल्फी भी ली।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
