रायपुर। छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत सभी 77 लाख राशनकार्डों के नवीनीकरण के लिए अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब 15 मार्च तक नवीनीकरण के लिए आवेदन किया जा सकता है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आम नागरिकों की सुविधा का ध्यान रखते हुए राशन कार्ड नवीनीकरण की तारीख बढ़ाने के निर्देश दिए थे। ताकि, सभी पात्र हितग्राहियों को आवेदन का मौका मिल सके। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री दयाल दास बघेल ने ऑनलाइन नवीनीकरण के आवेदन के लिए आगामी 15 मार्च तक बढ़ाने के संबंध में दिशा निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण वोरा ने राशन कार्डों के नवीनीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की थी। वोरा ने 24 फरवरी को इस संबंध में मांग की थी। वोरा ने राशन कार्ड धारियों की व्यवहारिक समस्याओं का जिक्र करते हुए नवीनीकरण की तारीख बढ़ाने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने महतारी वंदन योजना के लिए दावा-आपत्ति के लिए दो दिनों के समय को नाकाफी बताया। वोरा का कहना है कि शनिवार और रविवार को अवकाश है। यही दो दिन दावा-आपत्ति के लिए निर्धारित किया गया है। महतारी वंदन योजना के लिए आवेदन करने वाली महिलाएं दावा आपत्ति प्रक्रिया के लिए भटक रही हैं। वोरा ने साय सरकार से दावा-आपत्ति की समयअवधि बढ़ाने की मांग भी की है।
खाद्य विभाग के संचालक जितेन्द्र शुक्ला ने सभी जिलों के कलेक्टरों को इस संबंध में दिशा-निर्देश दिए हैं। राशनकार्ड नवीनीकरण के लिए खाद्य विभाग के द्वारा खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोेक्ता संरक्षण विभाग का नया मोबाईल एप्प तैयार किया गया है, इसे प्ले स्टोर में जाकर डाउनलोड किया जा सकता है। हितग्राही द्वारा खाद्य विभाग की वेबसाइटhttp://khadya.cg.nic.in/से डाउनलोड किया जा सकता है। राशनकार्डधारी अपने मोबाईल में इस एप्प के जरिए नवीनीकरण के लिए इलेक्ट्रानिक आवेदन ऑनलाईन प्रस्तुत कर सकते हैं। ऐसे हितग्राही जिनके पास एन्ड्राईड मोबाईल नहीं है अथवा जहां पर मोबाईल कनेक्टिविटी नहीं है वहां उचित मूल्य दुकान स्तर पर ऑनलाइन प्रक्रिया के जरिए राशनकार्डों के नवीनीकरण हेतु इलेक्ट्रानिक आवेदन प्रस्तुत करने की सुविधा भी दी जा रही है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
