द सीजी न्यूज

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कलेक्टर-एसपी कॉन्फ्रेंस के दौरान कड़े तेवर दिखाए। सीएम ने कहा कि पुलिस और प्रशासन के कामों पर वे स्वयं नजर रख रहे हैं। कलेक्टर-एसपी को और अधिक मेहनत करने की जरूरत है। कलेक्टर व एसपी की तारीफ जनता के द्वारा शासन तक पहुंचनी चाहिए। सीएम ने साफ कहा कि अपराधियों में पुलिस का भय होना चाहिए। गुंडागर्दी ना हो, यह एसपी सुनिश्चित करें।

सीएम साय ने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। किसानों को बेवजह दफ्तर के चक्कर न लगवाएं। राजस्व प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए। किसी भी जिले से भ्र्ष्टाचार की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई होगी। कामों को टालने वाली पुरानी व्यवस्था तत्काल बदलें।  साय ने चेतावनी देते हुए कहा कि नागरिकों के काम समय सीमा में होने चाहिए।

उन्होंंने डीएमएफ का उपयोग क्षेत्र के विकास के लिए करने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले डीएमएफ का बहुत दुरुपयोग हुआ है। अब डीएमएफ का दुरुपयोग होने पर सख्त कार्रवाई होगी। पीएम आवास योजना की समीक्षा करते हुए साय ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाएं। पिछली सरकार में आवास नहीं मिल पाए। अब इस योजना को लेकर शिकायत नहीं मिलना चाहिए। सीएम ने कहा कि बैंक से पैसा ना मिल पाने की शिकायत न हो। हितग्राहियों को राशि आहरण के लिए अनावश्यक परेशान ना होना पड़े, यह सुनिश्चित किया जाए।