Breaking News

रायपुर में डकैती : नकाबपोश लुटेरों ने बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर रॉड से पीटा : 10 लाख से ज्यादा के जेवर और कैश लूटकर भाग निकले

द सीजी न्यूज

राजधानी रायपुर के माना बस्ती में 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला को घर में बंधक बनाकर लुटेरों ने रॉड से पीटा। तीन नकाबपोश लुटेरों ने बेदम पिटाई के बाद लाखों का कैश और जेवर लेकर वहां से भाग निकले। यह वाकया रायपुर के माना बस्ती में गुरुवार को आधी रात हुआ। शुक्रवार को सुबह घटना की जानकारी आसपास के लोगों को लगी। इसके बाद मौके पर पुलिस के आला अधिकारी, साइबर सेल, एफएसएल टीम पहुंचकर जांच में जुट गई। पुलिस सरगर्मी से लुटेरों की तलाश कर रही है।

जानकारी के अनुसार तीन अज्ञात नकाबपोशों ने एक बुजुर्ग विधवा महिला समेत घर के सभी सदस्यों को घर में बंधक बनाकर लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। लुटेरों ने 62 वर्षीय महिला के जागने पर रस्सियों से बांध दिया और राड से बेदम पिटाई की। सोने-चांदी के जेवर, नगदी समेत दस लाख का सामान अपने साथ लेकर लुटेरे भाग निकले। फिलहाल लुटेरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

माना कैंप पुलिस थाना प्रभारी भावेश गौतम ने बताया कि कृषि विभाग में ग्रेड तीन के पद पर कार्यरत प्रख्यात चंद्राकर माना बस्ती में पत्नी, बच्चों और बुजुर्ग मां उमा देवी (62) के साथ रहते हैं। गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात ढ़ाई से तीन बजे के बीच तीन नकाबपोश लुटेरों ने घर में घुसने के लिए दरवाजे की सिटकनी को तार के सहारे खोल लिया। फिर अंदर घुसकर पत्नी और बच्चों के साथ सो रहे प्रख्यात चंद्राकर के कमरे को बाहर से बंद कर दिया। इस दौरान लुटेरों ने मास्टर चाबी से आलमारी खोलकर उसमें रखे नकदी 40 हजार रुपये समेत दस लाख के जेवर निकाल लिया।

घटना के दौरान आवाज होने पर बुजुर्ग उमा देवी चंद्राकर की नींद खुल गई। कमरे से बाहर निकलते ही लुटेरों ने बुजुर्ग महिला को पकड़कर बांध दिया। बुजुर्ग ने शोर मचाने की कोशिश की लेकिन लुटेरों ने राड से बेदम पिटाई की। मां की आवाज सुनकर प्रख्यात चंद्राकर और उनकी पत्नी भी उठ गए, पर कमरे का दरवाजा बाहर से बंद होने के कारण लुटेरों के भीतर होने की आशंका पर चुपचाप रहे। इस दौरान लुटेरे धमकाते हुए वहां से निकल गए। कुछ देर बाद जब प्रख्यात को लगा कि घर में घुसे लोग जा चुके है, तब प्रख्यात ने शोर मचाना शुरू किया। आसपास के लोगों ने एकत्र होकर बंद दरवाजे को खोला। पिटाई से घायल उमा देवी को अस्पताल पहुंचाया गया।

एमपी के गिरोह पर शक 

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी समेत डाग स्क्वाड, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम मौके पर पहुंच गई। यह वारदात मध्यप्रदेश के पत्थर गैंग द्वारा अंजाम देने की आशंका जताई जा रही है। शहर में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल, धर्मशाला आदि सार्वजनिक स्थानों पर बाहरी लोगों की तस्दीक की जा रही है। माना बस्ती के रहवासियों ने बताया कि इलाके के दो-तीन घरों में भी आधी रात को लुटेरों ने घुसकर वारदात को अंजाम देने की कोशिश की थी, लेकिन चीखने-चिल्लाने के कारण पकड़े जाने के डर से वे फरार हो गए थे।

Check Also

शिक्षा मंत्री से मिले रिकेश : तूफान और खराब मौसम के कारण स्कूलों में दो दिन का अवकाश घोषित करने की मांग की

THE CG NEWS भिलाई नगर। जिले में तूफान और मौसम में लगातार हो रहे बदलाव …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!