Breaking News

मोदी सरकार की गारंटियां कभी पूरी नहीं होती : न 15 लाख मिले, न पेट्रोल-डीजल-रसोई गैस के रेट कम हुए : बेतहाशा बढ़ती महंगाई से पूरा देश परेशान

  • प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता नीता लोधी ने कसा तंज – छत्तीसगढ़ के भाजपा नेता किस मुंह से कर रहे हैं मोदी की गारंटी पूरा करने के दावे

 द सीजी न्यूज

कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता नीता लोधी ने भाजपा पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा है कि पिछले दस साल के मोदी सरकार के कार्यकाल में लगातार झूठ बोले गए। देश के सामने भाजपा और मोदी ने कई बड़ी गारंटी दी, लेकिन इन गारंटियों को आज तक पूरा नहीं किया गया। 10 साल के कार्यकाल में मोदी की हर गारंटी फेल हो गई। केंद्र की मोदी सरकार ने झूठ बोलने और भ्रष्टाचार के सिवा कोई काम नहीं किया।  

नीता लोधी ने कहा कि मोदी ने 2014 के लोकसभा चुनाव में गारंटी देते हुए कहा था कि उनकी सरकार बनने पर 100 दिनों में कालाधन वापस लाया जाएगा। सौ दिन में कालाधन वापस लाने की गारंटी देने वाले मोदी आज दस साल यानी 3650 दिन बीतने के बाद भी कालाधन वापस नहीं ला सके। उलटे, कई बड़े उद्योगपति बड़ी आसानी से अरबों रुपए लेकर देश से चले गए। भाजपा सरकार ने देश का अरबों रुपए लेकर जाने वालो के खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया।  

नीता ने कहा कि मोदी सरकार ने हर भारतीय के बैंक खाते में 15 लाख रुपए जमा करने की गारंटी दी थी। आज तक किसी के खाते में 15 लाख तो दूर 15 हजार रुपए भी जमा नहीं हुए। इसी तरह पेट्रोल-डीजल की दर 35 रुपए प्रति लीटर करने, गैस सिलेंडर सस्ता करने की गारंटी दी गई थी। पेट्रोल डीजल के रेट सौ रुपए हो गए हैं जबकि गैस सिलेंडर की कीमत 475 रुपए से बढ़कर 11 सौ रुपए हो गई।

नीता लोधी ने कहा कि मोदी ने 2014 के चुनाव में युवाओं से वादा करते हुए हर साल दो करोड़ रोजगार देने की गारंटी दी थी। 10 साल में 20 करोड़ युवाओं को रोजगार मिलने की बजाय करोड़ों लोगों की नौकरी चली गई। मोदी सरकार पढ़े लिखे लोगों को पकौड़े तलने की सलाह देकर युवाओं के जले में नमक छिड़कने का काम कर रही है।   

कांग्रेस नेत्री नीता लोधी ने तीखे लहजे में कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने की गारंटी देने वाले मोदी ने न तो न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाया, न आय दोगुनी करने की दिशा में कोई भी कदम उठाया। उलटे, डीजल के रेट बढ़ने से खेती किसानी महंगी हो गई। कीटनाशक दवाओं, खाद बीज के रेट बढ़ाए जाने से देश भर के किसान आंदोलन करने पर मजबूर है। आंदोलन करने वाले किसानों के राह में बड़ी-बड़ी कील लगाई जा रही है।

नीता लोधी ने भाजपा नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि वे किस मुंह से मोदी की हर गारंटी पूरी होने के दावे कर रहे हैं? मोदी सरकार ने बेरोजगारी और बेतहाशा महंगाई बढ़ाकर पूरे देश के लोगों को त्रस्त कर दिया है। देश में कांग्रेस की सरकार ही महंगाई, बेरोजगारी दूर कर सकती है। किसानों की कर्जमाफी और आय बढ़ाने के साथ ही हर वर्ग के हितों के लिए कांग्रेस की सरकार ही फैसले ले सकती है। नीता ने देशहित को ध्यान में रखकर कांग्रेस को भारी बहुमत से विजयी बनाने की अपील की है।

Check Also

शिक्षा मंत्री से मिले रिकेश : तूफान और खराब मौसम के कारण स्कूलों में दो दिन का अवकाश घोषित करने की मांग की

THE CG NEWS भिलाई नगर। जिले में तूफान और मौसम में लगातार हो रहे बदलाव …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!