Breaking News

सभी तरह के वाहनों की सघन जांच करें : अधिक मात्रा में नगदी, अवैध शराब और संदेहास्पद वस्तुओं की आवाजाही पर होगी कार्यवाही : कलेक्टर

  • उड़नदस्ता दल (एफएसटी) और स्थैतिक निगरानी दल (एसएसटी) की बैठक में दिए निर्देश

द सीजी न्यूज

दुर्ग / लोकसभा निर्वाचन 2024 दुर्ग जिला अंतर्गत गठित उड़नदस्ता दल (एफएसटी), स्थैतिक निगरानी दल (एसएसटी) के दल प्रभारियों की बैठक में आज कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी ऋचा प्रकाश चौधरी ने कहा कि मार्ग से गुजरने वाली प्रत्येक वाहनों का अनिवार्य रूप से जांच करें। कला मंदिर सिविक सेंटर भिलाई में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने कहा कि निर्वाचन कार्य में तैनात टीम को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों की भलीभांति जानकारी होनी चाहिए। इससे कार्य करने और निर्णय लेने में आसानी होगी। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी। वाहनों की जांच के दौरान जाम की स्थिति नहीं बननी चाहिए। उन्होंने जरूरत के मुताबिक ऐसे जगहों पर स्थैतिक निगरानी दलों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।


कलेक्टर ने कहा कि सभी एसएसटी दल अपने निर्धारित चेकपोस्टों में तैनात रहेंगे और अपने क्षेत्र में भारी मात्रा में लाए जाने वाले नगदी, अवैध शराब, संदेहास्पद वस्तु या शस्त्रों इत्यादि की आवाजाही पर कड़ी निगरानी रखेंगे। गुजरने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों की सघन जांच करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि अनावश्यक किसी भी व्यक्ति को परेशान न किया जाए। संदेहास्पद वस्तुओं की वीडियोग्राफी कराते हुए पारदर्शिता के साथ नियमानुसार कार्यवाही करें। प्रत्येक चेकपोस्ट में स्थैतिक निगरानी दल 24×7 घंटे शिफ्ट अनुसार कार्यस्थल में उपस्थित रहेंगे। जब तक कार्यस्थल पर दूसरे शिफ्ट का अधिकारी नहीं आ जाता, तब तक पहले शिफ्ट का अधिकारी अपने कार्यस्थल को नहीं छोड़ेंगे। आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत की सूचना मिलने पर तत्काल पूरे दल के साथ पहुंचकर प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करें।

पुलिस प्रेक्षक अनुपम शर्मा ने कहा कि लोकसभा निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान निर्वाचन क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों आदि के आवाजाही पर नजर रखने के लिए गठित दल पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य करें। एफएसटी और एसएसटी की टीम निर्वाचन से संबंधित कोई गतिविधि संदिग्ध पाए जाने पर उसकी जांच जरूर करें। उन्होंने निर्वाचन कार्य को प्रभावित करने वाले प्रत्येक गतिविधियों की वीडियोग्राफी करते हुए गाड़ी का नंबर, वाहन चालक का नाम, मोबाईल नंबर इत्यादि रजिस्टर में एंट्री करने को कहा।

व्यय प्रेक्षक प्रसन्ना वी. पत्तनसेठ्ठी ने कहा कि वाहनों के चेकिंग के दौरान वीडियोग्राफी कराते समय वाहन चालक का नाम, गाड़ी का नंबर, रजिस्टर में आवश्यक जानकारी की दिनांकवार एंट्री जरूर करें। सभी निगरानी दल अलर्ट होकर चेकपोस्टों से होकर गुजरने वाली प्रत्येक वाहनों की जांच अनिवार्य रूप से करें। निगरानी दल चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों द्वारा किए जाने वाले व्यय जैसे सभा, जुलूस, रैली, रोड शो, आदि पर किए जाने वाले व्यय और शिकायतों के संबंध में आवश्यक कार्यवाही करना सुनिश्चित करें।

बैठक में ए.डी.एम. अरविंद एक्का, अपर कलेक्टर योगिता देवांगन, संयुक्त कलेक्टर हरवंश मिरी, डिप्टी कलेक्टर महेश राजपूत, लवकेश ध्रुव, मुकेश रावटे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी सहित एफएसटी व एसएसटी के अधिकारी मौजूद थे।

Check Also

शिक्षा मंत्री से मिले रिकेश : तूफान और खराब मौसम के कारण स्कूलों में दो दिन का अवकाश घोषित करने की मांग की

THE CG NEWS भिलाई नगर। जिले में तूफान और मौसम में लगातार हो रहे बदलाव …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!