द सीजी न्यूज
राजनांदगांव । कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिला कार्यालय के कक्ष क्रमांक 51 में अनिवार्य सेवा मतदाताओं के लिए सुविधा केन्द्र बनाया गया है। यहां लोकसभा चुनाव के लिए डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान किया जा रहा है। अनिवार्य सेवा मतदाताओं ने लाइन में लग कर डाक मतपत्र के माध्यम से अपने मताधिकार का उपयोग किया जा रहा है। डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान 24 अप्रैल तक किया जाएगा।
पुलिस विभाग के उप निरीक्षक पल्लूराम सोरी ने बताया कि उनकी ड्यूटी सेक्टर अधिकारी के रूप में बेमेतरा में लगी है। उन्होंने कहा कि उनकी ड्यूटी निर्वाचन कार्य में लगने के कारण कलेक्टोरेट में बने सुविधा केन्द्र में डाक मतपत्र के माध्यम से अपने मताधिकार का उपयोग किया है। उन्होंने कहा कि सरकार चुनने का मौका 5 वर्ष में मिलता है। इसका लाभ सभी को मतदान कर उठाना चाहिए। उन्होंने जिले के नागरिकों से 26 अप्रैल को मतदान केन्द्रों में जाकर वोट देने की अपील की।
इसी तरह अनिवार्य सेवा में नियुक्त पुलिस विभाग के हेमंत कुमार वर्मा, आरक्षक खोमलाल साहू, उत्तम कुमार पटेल ने डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान किया। शिक्षा विभाग भानुप्रतापपुर जिला कांकेर में पदस्थ खिलेन्द्र साहू ने बताया कि उनकी ड्यूटी कांकेर जिले में मतदान अधिकारी-2 में लगी है। वे कलेक्टोरेट में स्थित सुविधा केन्द्र में डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान किया।
अनिवार्य सेवा में लगे ड्राइवर उमेन्द्र सिंह, राजेश यादव, कमलेश सिंह, कपिल नेताम, रामाधार, अशोक साहू ने डाक मतपत्र के माध्यम से अपने मताधिकार का उपयोग किया। उन्होंने बताया कि वे स्कूल वाहन चलाते हैं। जिनकी ड्यूटी निर्वाचन के अंतर्गत वाहन चालक के रूप में लगी है। निर्वाचन कार्य के साथ डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान करने का अवसर मिला है।
उल्लेखनीय है कि जिला कार्यालय कलेक्टर परिसर राजनांदगांव कक्ष क्रमांक 51 में लोकसभा निर्वाचन में निर्वाचन दायित्व से जुड़े मतदान दलों, सेक्टर आफिसर, एफएसटी, एसएसटी, वीएसटी और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा गृह निर्वाचन क्षेत्र से दूर अन्य जिले में कार्यरत अधिकारी एवं कर्मचारियों को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए डाक मतपत्र के जरिए मतदान की सुविधा प्रदाय की गई है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal




