- घटना के सभी पहलुओं को समझने पुलिस बारीकी से कर रही जाँच
- कलेक्टर -एसपी ने भविष्य की रणनीति को लेकर मीडिया से की चर्चा
द सीजी न्यूज
रायपुर/ सोमवार को बलौदाबाजार कलेक्टर दीपक सोनी और पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में प्रेस को सम्बोधित किया। उन्होंने पिछले दिनों जिला मुख्यालय बलौदाबाजार स्थित कलेक्ट्रेट में हुई आगजनी की घटना के बाद की जा रही कार्यवाही और भविष्य की रणनीति के सम्बन्ध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
कलेक्टर दीपक सोनी ने बताया कि आगजनी की घटना से अब तक करीब 12 करोड़ रुपए की क्षति का अनुमान है, जिसमें संयुक्त जिला कार्यालय भवन, जिला पंचायत कार्यालय, जिला निर्वाचन कार्यालय, तहसील और पंजीयन कार्यालय भवन, वाहन, उपकरण, फर्नीचर शामिल हैं। नगर में हुई अन्य क्षति का अकलन किया जा रहा है। घटना में वाहनों को हुई क्षति के लिए बीमा कंपनियों से राशि दिलाई जा रही है, जिसमें अब तक 7 -8 वाहन स्वामियों को बीमा राशि मिल चुकी हैं और करीब 23 प्रकरण प्रक्रियाधीन है।
कलेक्टर ने बताया कि घटना में लगभग 240 निजी व शासकीय वाहन क्षतिग्रस्त हुए, जिनमें पूरी तरह जले 31 निजी व शासकीय चार पहिया वाहन, 60 दोपहिया वाहन, 27 क्षतिग्रस्त चार पहिया वाहन और लगभग 122 क्षतिग्रस्त दोपहिया वाहन शामिल हैं। जिन निजी वाहनों का बीमा नही हैं, उनका मूल्यांकन कराया जा रहा है। घटना से पीड़ितों के शारीरिक- मानसिक स्वास्थ्य बेहतर करने पीड़ित राहत समिति बनाई गई है। दस्तावेज क्षति क़े लिए भी टीम बनाई गई है। पुलिस, आबकारी, जिला योजना एवं सांख्ययिकी विभाग में दस्तावेज पुनर्निर्माण के काम भी शुरू हो गए हैं।
कानून व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए लगातर बैठक की जा रही है। अब तक चेम्बर ऑफ़ कामर्स, सिविल सोसाइटी, अशासकीय संगठन, कृषक संगठन, पेट्रोल पम्प संचालकों के साथ बैठक कर शांति बहाली क़े लिए जिला प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है और उपयुक्त क्षमता के सीसी टीवी कैमरे लगाने कहा गया है। सामजिक संगठनों से बातचीत कर जिले में सौहार्द्रपूर्ण वातावरण बनाने सहयोग व सुझाव लिये जा रहे हैं।
उन्होने बताया कि जिला स्तरीय सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम भी बनाई गई है, जो 24 घंटे निगरानी कर रही है। नकारात्मक और भड़काऊ पोस्ट पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। शांति समिति की बैठक लेकर शांति व्यवस्था बनाये रखने के निर्देश दिए गए हैं। किराये पर दिए गए मकान व दुकान की सूची नजदीकी थाने को देने और ठेका श्रमिकों की सूची सम्बंधित विभाग को देने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने बताया कि जल्द ही मैदानी अमले के सचिव, पटवारी, आरआई और सरपंचो की भी बैठक लेकर चर्चा की जाएगी। उन्होने जिले की बेहतर छवि क़े लिए मीडिया को सहयोग की अपील की।
पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने बताया कि घटना की सभी पहलुओं को समझने के लिए हर तरह से पूछताछ की जा रही है। अब तक 138 लोगों को हिरासत में लिया गया है। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम द्वारा पैनी नजर रखी जा रही है। पोस्ट के सोर्स तक पहुंचा जा रहा हैं और एकाउन्ट ब्लॉक भी किए जा रहे हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
