
द सीजी न्यूज
रायपुर। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज अपने कबीरधाम प्रवास के दौरान बोड़ला में 48 लाख 42 हजार की लागत से निर्मित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय के लिए 6 अतिरिक्त कक्ष भवन का लोकार्पण किया। उपमुख्यमंत्री के साथ विद्यालय की छात्राओं ने खुद अपने हाथों से इस नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के माध्यम से क्षेत्र की बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह विद्यालय एक सुरक्षित और समर्पित वातावरण प्रदान करेगा, जिससे छात्राएं आत्मनिर्भर और सशक्त बन सकेंगी। शर्मा ने कहा, “यह विद्यालय उन्हें अपने सपनों को साकार करने का अवसर प्रदान करेगा और उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखेगा।”
उपमुख्यमंत्री ने आगे कहा कि सरकार शिक्षा के क्षेत्र में सुधार और नवाचार के लिए प्रतिबद्ध है, और इस विद्यालय का लोकार्पण इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि यह विद्यालय न केवल शिक्षा प्रदान करेगा बल्कि बालिकाओं के सर्वांगीण विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उपमुख्यमंत्री संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में हुए शामिल
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने विधायक कार्यालय में क्षेत्र के विभिन्न लोगों से मुलाकात की। उन्होंने लोगों की समस्याओं और मांगों को सुनकर उनके निराकरण के निर्देश संबंधितों को दिए। शर्मा ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान पहली प्राथमिकता है और उनका प्रयास है कि लोगों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उपमुख्यमंत्री शर्मा ने ग्राम खरहट्टा में 11 लाख 48 हजार रुपए की लागत से निर्मित प्राथमिक शाला भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों को नए भवन की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर ग्रामवासियों ने बेहतर शैक्षणिक प्रबंधन के लिए उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
ग्राम खरहट्टा में संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री शर्मा शामिल हुए। उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को तिलक लगाकर, माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर शाला प्रवेश की बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों को गणवेश और पुस्तकों का वितरण भी किया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा प्राप्त करने का अधिकार है और सरकार इस दिशा में निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बच्चों को शिक्षा के महत्व के बारे में प्रेरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बोड़ला और खरहट्टा विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया और लोगों को पौधरोपण और उसकी सुरक्षा के लिए प्रेरित किया।