- सर्वे रिपोर्ट में नाम छूटने के कारण नही मिला पट्टा, आवेदक ने कलेक्टर से लगाई गुहार
- शासकीय घास भूमि से अतिक्रमण हटाने कृषकों ने दिया आवेदन, पशुओं के लिए चारागाह की समस्या
- जनदर्शन में प्राप्त हुए 135 आवेदन
द सीजी न्यूज
दुर्ग / कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने जनदर्शन में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनी। उन्होंने जनदर्शन में पहुंचे सभी लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और समुचित समाधान व निराकरण करने संबंधित विभागों को शीघ्र कार्यवाही करने कहा। जनदर्शन में आज 135 आवेदन प्राप्त हुए।
जनदर्शन में तितुरडीह निवासी ने अतिक्रमण की शिकायत की। उन्होंने कहा कि हनुमान नगर वार्ड-21 तितुरडीह हनुमान मंदिर के सामने से 60 फीट सड़क को अवैध रूप से अतिक्रमण कर मकान व बाउण्ड्रीवाल का निर्माण पक्की सड़क को तोड़कर बाउण्ड्रीवाल के लिए कालम उठाया जा रहा है। इस पर कलेक्टर ने नगर निगम दुर्ग कमिश्नर को निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
ग्राम डून्डेरा के किसानों ने ग्राम डून्डेरा में अवैध कब्जे की शिकायत की। उन्होंने बताया कि किसी अन्य व्यक्ति द्वारा शासकीय भूमि पर कब्जा कर कृषि कार्य किया जा रहा है। यह जगह आम किसानों के आने-जाने के लिए है। उक्त शासकीय जगह को कब्जा करने के कारण किसानों को कृषि कार्य करने व कृषि उपकरण समान ले जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर कलेक्टर ने तहसीलदार रिसाली को निरीक्षण कर आवश्यक करने कहा।
दुर्ग निवासी आवेदक ने पट्टा प्रदान करने आवेदन दिया। उन्होंने कहा कि 40 वर्ष से अधिक समय से वह लगातार निवासरत है। विगत दिनों शासन द्वारा उक्त क्षेत्र का सर्वे किया गया और सभी लोगों को पट्टा प्रदान किया गया। जिस समय घर का सर्वे किया जा रहा था उस समय उनके परिवार के सदस्यों के घर पर न होने के कारण सर्वे में नाम छूट गया था। इस कारण पट्टा नहीं मिल पाया। कलेक्टर ने नगर निगम दुर्ग को आवश्यक कार्यवाही करने कहा।
गया नगर दुर्ग निवासी आवेदक ने बताया कि वार्ड क्रमांक 5 गया नगर गली का सीमेंटीकरण किया गया। सीमेंटीकरण होने के कारण पानी निकासी नही हो रही है। गली में पानी जमा हो रहा है। जमा पानी में मच्छर पनपने के कारण डेंगू, मलेरिया का खतरा है। कलेक्टर ने संबंधित विभाग को आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।
चंगोरी ग्रामवासियों ने शासकीय घास भूमि से अतिक्रमण हटाने कलेक्टर से गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि घास भूमि में अतिक्रमण कर अवैध निर्माण होने के कारण गौवंश के लिए चारागाह नही है। ग्रामवासियों द्वारा इस संबंध में हल्का पटवारी के समक्ष अतिक्रमण जांच हेतु ज्ञापन भी सौपा गया था। कलेक्टर ने तहसीलदार दुर्ग को आवश्यक कार्यवाही करने कहा।
आज जनदर्शन में प्रधानमंत्री आवास योजना, आर्थिक सहायता, अनुकंपा नियुक्ति, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, राशन कार्ड सहित अन्य आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें अवैध कब्जा के अधिक आवेदन प्राप्त हुए। इन सभी आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने कहा। जनदर्शन के दौरान उपस्थित विभागीय अधिकारी द्वारा राशन कार्ड व प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही भी की गई।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal



