Breaking News

दूसरे दिन भी कई स्कूलों में गायब थे शिक्षक, डीईओ ने फिर जताई नाराजगी, सफाई व्यवस्था सुधारने दिये निर्देश  

द सीजी न्यूज

दुर्ग। जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा ने आज लगातार दूसरे दिन दुर्ग ब्लॉक के स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। सेजेस निकुम का निरीक्षण करते समय तक निशी चन्द्राकर और जुबेर (सहायक शिक्षक संविदा) स्कूल में उपस्थित नहीं हुए थे। स्कूल टाइम के दौरान स्टूडेंट्स आसपास घूम रहे थे। संस्था प्रमुख का स्टूडेंट्स पर नियंत्रण न होने को लेकर डीईओ ने सख्त नाराजगी जताई।
शासकीय प्राथमिक / माध्यमिक शाला आमटी के निरीक्षण के दौरान हेमन्त कुमार टांडिया, पंचराम देवांगन (शिक्षक), रमेश कुमार देशमुख (सहायक शिक्षक) देर से स्कूल पहुंचे। डीईओ ने 31 दिसम्बर तक कक्षा स्तरीय ज्ञान कराने के निर्देश दिये। विद्यालय में स्वच्छता का अभाव होने पर स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिये।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रसमड़ा के निरीक्षण के दौरान स्वच्छता का अभाव देखकर डीईओ ने शाला परिसर को स्वच्छ रखने के निर्देश दिये। अध्यापन कार्य पर विशेष जोर देने कहा। निरीक्षण के दौरान नियत समय पर अनुपस्थित स्टाफ के संबंध में कड़ी नाराजगी जताते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि आगामी 1 जनवरी से बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज की जाएगी।

इन स्कूलों में टाइम पर पहुंचे शिक्षक, नवाचार भी 

निरीक्षण के दौरान शासकीय प्राथमिक शाला कुथरेल में पदस्थ समस्त शिक्षक निर्धारित समय पर संस्था में उपस्थित पाए गए। छात्र-छात्राओं को मीनू अनुसार मध्यान्ह भोजन देने और नियमित अध्यापन कराने के निर्देश दिये गए। शासकीय प्राथमिक शाला गांधीभांठा अण्डा में प्रार्थना के समय चन्द्रहास साहू सहायक शिक्षक द्वारा एक छात्र से दैनिक समाचार का वाचन कराया जा रहा था। अन्य छात्र-छात्राएं इसे दोहरा रहे थे। इस गतिविधि से बच्चों में दैनिक समाचार पत्र पढऩे की आदत के साथ-साथ सामान्य ज्ञान की वृद्धि हो रही हैं। साहू द्वारा कराई जा रही इस गतिविधि की डीईओ ने प्रशंसा की। शासकीय प्राथमिक व उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अण्डा के निरीक्षण के दौरान स्टाफ  उपस्थित पाए गए। 31 दिसम्बर तक प्राथमिक वर्ग में कक्षा स्तरीय ज्ञान कराने, विद्यालय में स्वच्छता का अभाव पाए जाने पर स्वच्छता बनाये रखने के निर्देश दिये गए।
निरीक्षण के दौरान डीईओ ने सभी प्राथमिक / पूर्व माध्यमिक शाला के संस्था प्रमुखों को मध्यान्ह भोजन निर्धारित मीनू अनुसार प्रदाय करने, बारहाखड़ी, पहाड़ा पुस्तक वाचन के नियमित अभ्यास कराने, विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थित सुनिश्चित करने और नियत समय पर अनिवार्य उपस्थिति के निर्देश दिये। हाई/ हायर सेकेण्डरी विद्यालयों के प्राचार्यो को नियमित प्रायोगिक कार्य करने, ब्लू प्रिंट के अनुरूप 5 वर्षों के प्रश्न पत्रों को हल कराने, तिमाही परीक्षा के आधार पर चिन्हांकित विद्यार्थियों को सीमित पाठ्यक्रम में बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कराने और प्रायोगिक परीक्षा के बाद भी बोर्ड परीक्षा प्रारंभ होने के पूर्व तक विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति के निर्देश भी दिये गए।

Check Also

फर्जीवाड़ा : बिक चुकी जमीन का नामांतरण कराने के बाद दोबारा बेचा : कलेक्टर से शिकायत, जांच की मांग

THE CG NEWS दुर्ग। शहर में जमीन के नाम पर फर्जीवाड़े का बड़ा खेल किया …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!