द सीजी न्यूज
भिलाई। बीएसपी में 2023 में हुए एक औद्योगिक दुर्घटना में गिरफ्तार जीएम, शिफ्ट इंचार्ज व ठेकेदार को निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया है। बीएसपी प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि पुलिस द्वारा दर्ज किया गया प्रकरण जमानतीय प्रकृति का है। दुर्घटना से संबंधित अधिकारी सुशांत कुमार घोषाल मुख्य महाप्रबंधक, धीरेन्द्र कुमार कुशवाहा, शिफ्ट-इंचार्ज (यांत्रिकी) ने भिलाई भट्टी थाना में विधिसम्मत रूप से उपस्थिति दर्ज कराई। आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण किए जाने के बाद उन्हें उसी दिन थाना परिसर से निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
बीएसपी प्रबंधन ने कहा कि यह प्रकरण पूरी तरह आधिकारिक कार्य निष्पादन के दौरान घटित घटना से जुड़ा है। इसका किसी भी प्रकार से व्यक्तिगत आचरण या निजी कृत्य से कोई संबंध नहीं है। घटना संयंत्र क्षेत्र में ठेका कार्य के दौरान हुई थी। इसकी जानकारी तत्काल बीएसपी प्रबंधन द्वारा संबंधित प्रशासनिक व वैधानिक प्राधिकारियों को दी गई थी। घटना के बाद प्रभावित कर्मियों को आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई और निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार जांच कर आगे की कार्यवाही की गई।
भिलाई स्टील प्लांट प्रबंधन पुलिस द्वारा की जा रही जांच में पूर्ण सहयोग कर रहा है और कानून के शासन में पूर्ण विश्वास रखता है। संयंत्र में औद्योगिक सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा प्रणालियों, कार्य-प्रक्रियाओं और ठेका कार्यों की निरंतर समीक्षा व सुदृढ़ीकरण के लिये आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। बीएसपी प्रबंधन ने दिवंगत कर्मी के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। परिजनों को नियमानुसार हरसंभव मदद दी जा रही है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal