THE CG NEWS
दुर्ग। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ शासकीय विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक अधोसंरचना उपलब्ध कराने पर लगातार कार्य किया जा रहा है। दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड अंतर्गत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सेलूद के विद्यार्थियों की मांग पर प्रार्थना शेड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ द्वारा प्रार्थना शेड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति का आदेश जारी कर दिया गया है। विद्यार्थियों द्वारा अपनी आवश्यकता बताने के महज 24 घंटे के भीतर इस मांग पर कार्रवाई करते हुए राशि स्वीकृत कर दी गई।
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव सोमवार को सेवा सेतु शिविर में शामिल होने दुर्ग जिले के ग्राम फेकारी पहुंचे थे। कार्यक्रम से वापस लौटते समय उन्होंने सेलूद चौक स्थित हाईस्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहे विद्यार्थियों से बातचीत की। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अपनी पढ़ाई, तिमाही परीक्षा की तैयारी और खेल-कूद सहित विद्यालय से जुड़ी आवश्यकताओं की जानकारी साझा की। विद्यार्थियों ने विद्यालय में प्रार्थना शेड और मंच निर्माण की आवश्यकता बताई।
शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने छात्राओं की मांग से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। शिक्षा मंत्री की घोषणा के अगले ही दिन 6 अक्टूबर को लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा 10 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति का आदेश जारी कर दिया गया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
