- छावनी में बदला जंतर-मंतर, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात
THE CG NEWS
विपक्ष ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर एसआईआर प्रक्रिया के तहत देशभर में करीब 13 करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने का आरोप लगाया है। विपक्षी दल इस प्रक्रिया को रद्द करने, हटाए गए नामों को बहाल करने और सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
मंगलवार को संसद से चुनाव आयोग मुख्यालय तक मार्च निकालने और आकाशवाणी भवन पर धरना देने के दौरान दिल्ली पुलिस ने करीब 260 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था। इनमें लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत 10 सांसद शामिल थे। बाद में सभी को रिहा कर दिया गया।
बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा इंडिया गठबंधन के सांसदों के लिए आयोजित लंच के बाद सभी विपक्षी सांसद जंतर-मंतर पर इकट्ठा हुए। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत विपक्षी नेताओं ने जंतर-मंतर की ओर बढ़ने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने फिर से उन्हें हिरासत में ले लिया। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत इंडिया ब्लाक के सांसदों के साथ पुलिस ने दुर्व्यवहार किया। लाठी चार्ज किया गया। कांग्रेस ने पुलिस की दमनात्मक कार्रवाई को काला दिवस करार दिया है। इसके विरोध में आज 8 अक्टूबर को पूरे देश में कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।
राहुल गांधी ने कहा कि कल सांसद चुनाव आयुक्तों, खासकर तीनों चुनाव आयुक्तों से मिलना चाहते थे। उन्होंने हमसे मिलने से इनकार कर दिया। दिल्ली पुलिस ने हमें रोक दिया और कहा कि हम वहां विरोध-प्रदर्शन नहीं कर सकते। आज हम तय विरोध स्थल जंतर-मंतर जाकर वहां बैठेंगे और देश को यह बताते का इरादा रखते हैं कि हमारे लिए ज्ञानेश कुमार देश के वैध चुनाव आयुक्त नहीं हैं।
आज विपक्ष ने देशभर में प्रदर्शन का एलान किया है। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) भी 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की तैयारी कर रही है। दिल्ली पुलिस ने संसद मार्ग, आकाशवाणी भवन और जंतर-मंतर क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर सुरक्षा बढ़ा दी है। चप्पे चप्पे पर पुलिस तैनात कर दी गई है। हर आने जाने वाले पर नजर रखी जा रही है। दिल्ली पुलिस के साथ-साथ अर्धसैनिक बलों (CAPF), CISF और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों को भारी संख्या में तैनात किया गया है। संभावित विरोध प्रदर्शनों और तनाव के मद्देनजर जंतर-मंतर और उसके आसपास के क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। स्थिति को नियंत्रित रखने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा विशेष दिशा-निर्देश और निगरानी रखी जा रही है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

