दुर्ग/ नगर पालिक निगम दुर्ग सीमा क्षेत्र अंतर्गत शहर के प्रमुख मार्गों और डिवाइडरों पर लगाए जा रहे अवैध विज्ञापन कटआउट को हटाया जाएगा। महापौर अलका बाघमार ने निगम के बाजार विभाग व अतिक्रमण विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को शहर के प्रमुख मार्गों का निरीक्षण कर डिवाइडरों पर लगाए गए कटआउट को तत्काल हटाकर जब्त करने के निर्देश दिए हैं।
महापौर ने अधिकारियों से डिवाइडरों पर लगाए गए सभी कटआउट की रिपोर्ट भी मांगी है। निगम की अनुमति के बिना डिवाइडरों, सार्वजनिक स्थलों व प्रमुख मार्गों पर किसी भी प्रकार की विज्ञापन सामग्री, कटआउट या प्रचार सामग्री लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्ति अथवा संस्था के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निगम प्रशासन द्वारा बिना अनुमति डिवाइडरों पर विज्ञापन सामग्री व कटआउट लगाने वालों से 5 हजार रुपए का जुर्माना वसूला जाएगा। आवश्यकता अनुसार संबंधित व्यक्ति, संस्था अथवा विज्ञापन सामग्री लगाने वाले के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। निगम द्वारा कटआउट पर अंकित विज्ञापन, संबंधित व्यक्ति अथवा संस्था तथा इसे लगाने वाले की जानकारी भी जुटाई जाएगी।
शासकीय कार्यालय के दीवारों पर विज्ञापन लिखने पर भी कार्रवाही की जाएगी।बाजार प्रभारी शेखर चन्द्राकर ने कहा कि महापौर के निर्देश के बाद बाजार विभाग एवं अतिक्रमण विभाग की टीम द्वारा शहर के प्रमुख मार्गों का निरीक्षण शुरू किया जा रहा है। बिना अनुमति लगाए गए कटआउट को हटाकर जब्त किया जाएगा तथा संबंधित व्यक्ति या संस्था की जानकारी जुटाकर नियमानुसार जुर्माना एवं अन्य कार्रवाई की जाएगी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
