
- सीवरेज ट्रिटमेंट प्लांट को शीघ्र पूर्ण कराने कहा
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
राजनांदगांव में कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने आज जिले में विकास कार्यों का निरीक्षण करते हुए विभागीय अफसरों को व्यवस्था दुरुस्त करने और आम जनता के लिए सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश दिए। मोहड़ स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने अमृत मिशन के तहत 10 करोड़ 37 लाख रुपए की लागत से बन रहे सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। दिग्विजय स्टेडियम का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने कहा। कलेक्टर ने मोहारा स्थित जल शुद्धिकरण संयंत्र के पेंडिंग कार्यों को तत्काल पूरा करने के निर्देश दिये।
अमृत मिशन जल प्रदाय योजना से जनसामान्य को मिलेगा लाभ : कलेक्टर
कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने आज मोहारा स्थित जल शुद्धिकरण संयंत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि शहर में अमृत मिशन जलप्रदाय योजना से नागरिकों को लाभ मिलेगा। उन्होंने नगर निगम आयुक्त आशुतोष चतुर्वेदी को अमृत मिशन योजना के पेंडिंग कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने मोहारा स्थित लैब्रोटरी का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर ने लैब्रोटरी में जल शुद्धिकरण संयंत्र के पानी को आटोमेशन की आधुनिक तकनीक के माध्यम से सभी जलागार में जल संचयन की प्रणाली की प्रशंसा की। उन्होंने परिसर में पौधरोपण करने के निर्देश दिए।
कुल 199 करोड़ 23 लाख रुपए की लागत से अमृत मिशन योजना शहर के लिए जीवनदायनी मानी जा रही है। अब तक इस योजना के तहत 150 करोड़ 71 लाख रुपए की लागत से कार्य किये जा चुके हैं। जल शुद्धिकरण संयंत्र के डिप्टी टीम लीडर विकास ने कलेक्टर को प्रोजेक्ट के तहत हुए कार्यों की जानकारी दी। 30 जून 2021 तक कार्य पूर्ण कर लिया जायेगा। निजी नल कलेक्शन में कुल 34 हजार नल कनेक्शन देना है। इसकी लागत 27 करोड़ 10 लाख रुपए है। इसमें से अब तक 17 हजार 250 नल कलेक्शन और 13 हजार 100 मीटर दिए जा चुके हैं
कलेक्टर ने दिग्विजय स्टेडियम का निरीक्षण किया : स्टेडियम के मेंटनेन्स पर विशेष ध्यान देने कहा
कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने आज दिग्विजय स्टेडियम का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेडियम के मेंटनेन्स पर विशेष ध्यान देने और सुरक्षा के दृष्टिकोण से मुख्य द्वार पर दो गार्ड की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने खुले बाउंड्रीवाल में गेट लगाने कहा। उन्होंने नगर निगम आयुक्त आशुतोष चतुर्वेदी को दिग्विजय स्टेडियम में स्थित कॉम्पलेक्स की दुकानों की नीलामी के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने इंडोर बैडमिंटन हॉल और बास्केटबॉल हॉल का निरीक्षण किया। जिम का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने सब इंजीनियर से कहा कि जिम के भीतर पानी नहीं जाना चाहिए। कलेक्टर ने स्टेडियम में बेहतर विद्युत व्यवस्था करने के निर्देश दिए। दिग्विजय स्टेडियम में साफ-सफाई और बेहतर रखरखाव होना चाहिए। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता डीके नेताम, साई के के राजेश्वर राव व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण पूरा कर वेस्ट वाटर का उपयोग खेती के लिए करें – कलेक्टर
कलेक्टर ने कहा कि शहर से निकलने वाले वेस्ट वाटर का ट्रीटमेंट करते हुए अन्य कार्यों में उपयोग लाने की योजना महत्वपूर्ण है। इससे जल का समुचित उपयोग सुनिश्चित होगा। शुद्धिकरण के बाद इस जल का उपयोग खेती के लिए हो सकेगा। कलेक्टर ने यहां लगाई गई मशीनरी के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के रखरखाव का कार्य भी ठीक से होना चाहिए।
नगर निगम आयुक्त आशुतोष चतुर्वेदी व जल शुद्धिकरण संयंत्र के डिप्टी टीम लीडर विकास ने बताया कि रॉ सीवरेज पंप स्टेशन का 90 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। 30 जून तक कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इस अवसर पर जल शुद्धिकरण संयंत्र के नोडल अधिकारी कामना यादव, सहायक नोडल अधिकारी अतुल चोपड़ा व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal