
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
विधायक अरूण वोरा ने अपेक्षित गति से शहर में विकास कार्य न होने की शिकायत करते हुए कलेक्टर सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे से विकास कार्यों में तेजी लाने अफसरों को निर्देश देने कहा है। वोरा ने कहा कि जिला मुख्यालय में विकास कार्यों की गति तेज करना जरूरी है। वर्तमान में शहर की अधिकांश योजनाओं का काम धीमी गति से चल रहा है। इन कार्यों को तेजी से पूरा करना जरूरी है। कलेक्टर ने वोरा को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे सभी विभागों के कामकाज की समीक्षा करेंगे। दुर्ग में समयसीमा के भीतर विकास कार्य पूरे कराए जाएंगे।
वोरा ने कहा कि राज्य शासन ने भरपूर राशि दुर्ग शहर के विकास के लिए जारी की है। इस राशि का उपयोग करते हुए दुर्ग शहर में विकास कार्य तेजी से कराया जाना चाहिए। जीई रोड के उन्नयन और सौंदर्यीकरण की योजना का काम काफी धीमी गति से चल रहा है। इसी तरह ठगड़ा बांध सौंदर्यीकरण योजना का काम भी महीनों तक बंद रहता है। पुलगांव नाला डायवर्सन का काम एक साल से अधूरा पड़ा है।
वोरा ने कलेक्टर से कहा कि कामकाजी महिला हॉस्टल तीन साल से अधूरा है। यूनिशेड निर्माण, पुलगांव में पीएम आवास योजना, अधोसंरचना मद से बोरसी, उरला और पटरीपार के वार्ड में स्वीकृत कार्य की प्रक्रिया भी धीमी गति से चल रही है। बोरसी से रुआ बांधा रोड का निर्माण कार्य भी तेजी से पूरा करना जरूरी है। यह कार्य काफी मंद गति से चल रहा है। कलेक्टर ने विधायक वोरा को आश्वस्त करते हुए कहा कि ये सभी कार्य तत्काल पूरा करने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये जाएंगे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal