
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ करीब 3 घंटे की मुलाकात के बाद बाहर निकले मुख्यमंत्री के चेहरे के हावभाव से स्पष्ट हो गया कि कांग्रेस हाईकमान किसी भी हालत में छत्तीसगढ़ में नेतृत्व परिवर्तन के पक्ष में नहीं है। मीडिया से बातचीत के दौरान भी भूपेश ने आत्मविश्वास से कहा ” मैं जो चाहता था वो सब राहुल जी को बता दिया है। उन्हें छत्तीसगढ़ आने का न्यौता दिया है। राहुल जी अगले ह्फ्ते छत्तीसगढ़ आएंगे ”

वोरा बोले – आल इज वेल
वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने कहा कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार पर राजनीतिक संकट जैसी कोई बात नहीं है। विधायकों और कांग्रेस नेताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव पीएल पुनिया सहित आल इंडिया कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की है। सब कुछ ठीक है। आल इज वेल।
जिले के कांग्रेस नेता दिल्ली में डटे रहे

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दिल्ली में मौजूद कांग्रेस विधायकों और संगठन नेताओं से भी बातचीत की। राहुल गांधी के साथ हुई बातचीत के बारे में बताया। भूपेश से हुई बातचीत के बाद कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राज्य में किसी भी तरह का सियासी संकट नहीं है। छत्तीसगढ़ के कांग्रेस नेताओं ने यहां आकर एआईसीसी के नेताओं को राज्य में हुए विकास की जानकारी दी है। राहुल गांधी को छत्तीसगढ़ आने का न्यौता दिया गया है। छत्तीसगढ़ में हुए विकास के मॉडल को देखने के बाद इसी तर्ज पर दूसरे राज्यों में होने वाले चुनावों में भी कांग्रेस नेता छत्तीसगढ़ के विकास मॉडल का उदाहरण देंगे।

दिल्ली में सियासी गहमागहमी के बीच दुर्ग जिले के वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा के अलावा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री राजेंद्र साहू, महापौर धीरज बाकलीवाल, निगम सभापति राजेश यादव, जिला कांग्रेस अध्यक्ष निर्मल कोसरे, शहर कांग्रेस अध्यक्ष गया पटेल, लक्ष्मण चंद्राकर, पूर्व महापौर आरएन वर्मा, एमआईसी मेंबर अब्दुल गनी, सुमीत वोरा, शहर युवा कांग्रेस अध्यक्ष आयुष शर्मा, तुलसी साहू सहित अन्य कांग्रेस नेता डटे हैं। रायपुर के महापौर एजाज ढेबर, राजनांदगांव की महापौर हेमा देशमुख सहित अन्य नगरीय निकायों के महापौर, अध्यक्ष सहित कांग्रेस नेता बड़ी संख्या में मौजूद हैं। सभी कांग्रेस नेता दिल्ली में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के समर्थन के लिये पहुंचे हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal