
- वोरा ने नए उद्योग भवन का निरीक्षण किया
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद वरिष्ठ विधायक अरुण वोरा के प्रयासों से 31 करोड़ से अधिक की लागत से कई सर्व सुविधायुक्त भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। युवाओं को उद्योग एवं व्यापार करने में मदद करने के उद्देश्य से स्थापित वर्षों पुरानी छत्तीसगढ़ स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कारपोरेशन सीएसआईडीसी और जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र (डीआईसी) के नए भवन का निर्माण 3 करोड़ की लागत से किया जा रहा है। यह भवन बनकर तैयार हो चुका है। भवन का निरीक्षण करने पहुंचे वोरा ने बताया कि शहर को केंद्र सरकार ने भले ही स्मार्ट सिटी बनाने के लिए अनुदान नहीं दिया, लेकिन प्रदेश सरकार शहर को स्मार्ट सिटी बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रति आभार जताते हुए वोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के माध्यम से युवाओं को व्यापार एवं रोजगार उपलब्ध कराने के साथ ही बैंक लोन में भी मदद करने वाली संस्थाओं के लिए एक ही छत के नीचे 3 करोड़ की लागत से सर्वसुविधायुक्त भवन का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा 11 करोड़ की लागत से ट्रांजिट हॉस्टल के निर्माण से शासकीय कर्मचारियों को आवास की सुविधा मिलेगी। 14 करोड़ के ऑडिटोरियम का निर्माण भी शीघ्र ही पूर्ण होगा। 3 करोड़ की लागत से बने कामकाजी महिला हॉस्टल समेत सभी नवीन भवनों का लोकार्पण मुख्यमंत्री के कर कमलों से कराया जाएगा।
उन्होंने डीआईसी की नवनिर्मित बिल्डिंग के सामने वर्षों से स्थापित दुकानदारों की शंका दूर करते हुए आश्वस्त किया कि दुकानें निगम की बिल्डिंग में संचालित हैं, जिन्हें बेदखल नहीं किया जाएगा। भवन निरीक्षण के दौरान एल्डरमेन राजेश शर्मा, अंशुल पांडेय, पप्पू श्रीवास्तव व डीआईसी के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal