
- दुर्ग जिले के साथ ही आसपास की आबादी को मिलेगा लाभ, जल्द शुरू होगा हमर लैब: वोरा
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
जिला मुख्यालय दुर्ग में वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा के लगातार प्रयासों से स्वास्थ्य सुविधाओं में लगातार विस्तार हो रहा है। कोरोना टेस्ट की जांच रिपोर्ट आने में काफी विलंब होने के कारण वोरा ने शहर में ही टेस्टिंग लैब की सुविधा उपलब्ध कराने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से मुखर होकर मांग की थी। इसके परिणाम स्वरूप जिले के सबसे बड़े अस्पताल में लैब तैयार किया गया है।

लोक निर्माण विभाग द्वारा 50 लाख रुपए की लागत से भवन निर्माण कार्य कराने के बाद लैब इक्युपमेंट की कमी के कारण टेस्टिंग शुरू नहीं हो पाई। वोरा ने स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव और सीजीएमएससी के अधिकारियों से लगातार संपर्क कर टेस्टिंग लैब के लिए आवश्यक 1.10 करोड़ के उपकरण उपलब्ध कराए। गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्री द्वारा विधायक वोरा और कलेक्टर सर्वेश्वर भुरे की उपस्थिति में लैब का वर्चुअल लोकार्पण किया। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने वोरा के प्रयासों की सराहना की।
वोरा ने कहा कि अब वायरोलॉजी लैब शुरू होने से कोरोना की तीन तरह की जांच त्वरित रूप से हो सकेगी, इससे दुर्ग शहरी क्षेत्र समेत जिले के आसपास के सभी लोगों को लाभ होगा। 500 बिस्तर युक्त जिले के सबसे बड़े अस्पताल में इलाज की बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने के लिए लगातार प्रयास जारी है। जिला हॉस्पिटल की स्वास्थ्य सुविधाओं में विस्तार के लिए लगभग 10 करोड़ की राशि खर्च की जा रही है। 3 ऑक्सीजन प्लांट लगने और वॉयरोलॉजी लैब शुरू होने के बाद अब जिले में हमर लैब स्थापित करने की जरूरत है। इससे मध्यम वर्ग और बीपीएल परिवारों को विभिन्न बीमारियों की जांच के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
वोरा ने कहा कि 7.5 करोड़ के सर्जिकल वार्ड, ट्रॉमा सेंटर और वॉयरोलॉजी लैब के साथ ही शहर के शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और हमर लैब का भी शीघ्र लोकार्पण किया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के अलावा सस्ती दवा दुकान से भी लगातार जनता का आर्थिक बोझ कम करने का कार्य किया जा रहा है। इस दौरान सीएमएचओ गंभीर सिंह ठाकुर, नोडल डॉ. अर्चना चौहान, डॉ बंजारे, दिलीप सिंह ठाकुर, एल्डरमैन राजेश शर्मा, अंशुल पांडेय, पप्पू श्रीवास्तव समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal