- विधायक अरुण वोरा के लगातार कड़े निर्देशों और महापौर व निगम कमिश्नर की मॉनिटरिंग से काम में आई तेजी
- धीरे-धीरे अमृत मिशन फेस 1 का कार्य पूर्णता की ओर
- इसी हफ्ते 2 और नई टंकियों की टेस्टिंग भी होगी
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
दुर्ग / विधायक अरुण वोरा के लगातार कड़े निर्देशों के बाद अमृत मिशन योजना के तहत बनी नई पानी टंकियों की टेस्टिंग का कार्य अब तेजी से शुरू किया जा रहा है। प्रगति की लगातार जानकारी ले रहे हैं। नलघर में 11 एमएलडी फिल्टर प्लांट परिसर में बनी नई पानी टंकी की टेस्टिंग के बाद आज पुलगांव की पानी टंकी को भरने का काम शुरू कर दिया गया। दोनों टंकियों की टेस्टिंग का काम पूरा होने के बाद पानी सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।
आपको बता दें कि अमृत मिशन प्रोजेक्ट के तहत सभी कार्य काफी लेटलतीफी से हुए। पानी टंकी का निर्माण और पाइपलाइन बिछाने के कार्यों में लापरवाही और लेटलतीफी के कारण आम जनता परेशान हो गई। विधायक अरुण वोरा ने लगभग हर हफ्ते इस योजना को लेकर न केवल समीक्षा की बल्कि अफसरों को लगातार दिशा निर्देश दिये। महापौर धीरज बाकलीवाल ने भी लगातार योजना पर नजर रखते हुए कार्य पूरा करने के निर्देश दिये। निगम आयुक्त हरेश मंडावी के निर्देश पर निगम अधिकारी काम की गति लगातार बढ़ाने का प्रयास करते रहे।
अमृत मिशन योजना के तहत् शहर में 6 ओवरहेड टंकियों का निर्माण पूरा किया जा चुका है। वर्तमान में गिरधारी नगर, ट्रांसपोर्ट नगर, हनुमान नगर की पानी टंकियों से निगम प्रशासन द्वारा पानी की सप्लाई की जा रही है। इससे शहर के पटरीपार क्षेत्र की आधी आबादी को लाभ मिल रहा है। नलघर परिसर और पुलगांव पानी टंकी की पानी टेस्टिंग का कार्य शुरू कर दिया गया है। जल्द ही इन टंकियों से भी पानी सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।
11 एमएलडी फिल्टर प्लांट में निर्मित नई पानी टंकी से दीपक नगर वार्ड का कुछ हिस्सा और आमदी मंदिर वार्ड, वार्ड 25 गायत्री मंदिर वार्ड, संतरा बाड़ी वार्ड, पोलसाय पारा वार्ड के लगभग 20 हज़ार लोगों को पानी मिलेगा। पुलगांव पानी टंकी से पुलगांव क्षेत्र, गोकुल नगर, महेश काॅलोनी और वार्ड 35 के नागरिकों को भरपूर पानी मिलेगा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

