द सीजी न्यूज
दुर्ग। शहर में आज वन होम वन ट्री महाअभियान के तहत नागरिकों को निशुल्क पौधों का वितरण किया गया। शहर के कई वार्डों में उद्यानों और सड़क के दोनों ओर पौधे रोपे गए। राज्य शासन की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन व नगर निगम प्रशासन द्वारा शहरवासियों को पौधरोपण करने और पौधों की सुरक्षा व संरक्षण करने जागरूक किया गया। हर हर में वृक्षारोपण करने की अपील की गई।
वार्ड 21 हनुमान नगर गार्डन में महिला स्व शक्ति केंद्र और सिविल लाइन एरिया पांच बिल्डिंग में कृष्ण कुंज समेत कई जगहों पर पौधे रोपे गए। इस मौके पर विधायक अरुण वोरा, पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष आरएन वर्मा, महापौर धीरज बाकलीवाल, कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा, आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, सभापति राजेश यादव, पर्यावरण प्रभारी सत्यवती वर्मा, जयश्री जोशी, वार्ड पार्षद अरुण सिंह ने चंपा, कदंब, कोनोकार्पस, नीम, बादाम, गुलमोहर आदि पौधे लगाए गए। इस अवसर पर पार्षद अमित देवांगन, सहायक अभियंता बीपी मिश्रा, पूर्व पार्षद प्रकाश गीते, उद्यान प्रभारी अनिल सिंह, निखिल खिचरिया समेत स्कूली बच्चे मौजूद थे।



विधायक अरुण वोरा ने कहा कि पौधे थोड़े बड़े आकार के हों। डिवाइडर में चंपा के पौधे के साथ ही बीच में कनेर आदि के पौधे भी लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि पौधों को सहेजना भी बहुत जरूरी है। इसके लिए ट्री गार्ड वगैरह लगाए जाएं। महापौर धीरज बाकलीवाल ने कहा कि पौधों के बढ़ने से इन मार्गों और उद्यानों की खूबसूरती काफी बढ़ जाएगी। पिछले दो सालों में शहर के महत्वपूर्ण सड़कों के किनारे पौधे लगाए गए हैं। शहर को हरा भरा करने सभी नागरिक वृक्षारोपण करें। निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने कहा कि वन होम वन ट्री महा अभियान के दौरान नागरिको ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। घर-घर जाकर नागरिकों को लगभग सौ से ज्यादा पौधे दिये गए हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
