Breaking News

आधे शहर में शाम को खुले नल : कई वार्डों में रात 9 बजे नल खुलेंगे : कुछ वार्डों में आज नहीं होगी पानी सप्लाई

द सीजी न्यूज 

दुर्ग। तेज बारिश और नदी में पानी का बहाव ज्यादा होने के कारण दुर्ग नगर निगम के दोनों इंटेकवेल में काफी मात्रा में जलकुंभी, कचरा जमा होने से फिल्टर प्लांट में काफी कम पानी पहुंच रहा है। इस समस्या को देखते हुए 24 एमएलडी और 42 एमएलडी के इंटेकवेल की सफाई के लिए विशेष गैंग लगाया गया है। सफाई का कार्य लगातार जारी है।

निगम अफसरों ने बताया कि 42 एमएलडी प्लांट के इंटेकवेल की सफाई पूरी कर ली गई है। लेकिन, 24 एमएलडी प्लांट के इंटेकवेल के पास निर्माणाधीन डायवर्सन कार्य के कारण यहां की मिट्टी तेज बारिश के कारण इंटेकवेल में आने लगी जिससे इंटेकवेल से पानी सप्लाई की क्षमता काफी कम हो गई है। इसी कारण 24 एमएलडी फिल्टर प्लांट से जुड़े वार्डों में पानी सप्लाई प्रभावित हो गई है। अफसरों ने बताया कि हर साल अत्याधिक बारिश होने पर ऐसी स्थिति आ जाती है। निगम अफसरों के अनुसार इंपेलर के पास मिट्टी युक्त कीचड़ आने के कारण और पम्प का फुट वाल्व नदी के पानी के लेवल से लगभग 35 फीट नीचे होने के कारण सफाई कार्य में समय लग रहा है।

आज सुबह बोरसी, पोटिया, बघेरा, कातुल बोड़, 11 एमएलडी नई टंकी (जिसके अंतर्गत वार्ड 24, 25, 26, 27 का आंशिक भाग शामिल है) और 11 एमएलडी की पुरानी टंकी से सुबह और शाम को की गई है। रात लगभग 9 बजे शनिचरी बाजार की टंकी ( वार्ड 29 से 38 तक) से सप्लाई की जाएगी। शक्ति नगर, हनुमान नगर, शंकर नगर, पदमनाभपुर, शनिचरी बाजार की टंकियों में पानी की मात्रा कम होने के कारण पानी सप्लाई नहीं की जा सकी है। इन सभी टंकियों में पानी भरने का कार्य किया जा रहा है। इन इलाकों में कल सुबह पानी सप्लाई की जाएगी। 26 जुलाई तक पानी सप्लाई सामान्य हो जाएगी। प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार टैंकरों के माध्यम से पानी भेजने की व्यवस्था की जा रही है। आम नागरिकों को होने वाली असुविधा के लिए नगर निगम प्रशासन ने खेद व्यक्त किया है।

Check Also

जेआरडी स्कूल में बनेगा 270 सीटर ऑडिटोरियम

शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के पहल से ऐतिहासिक स्कूल का होगा संरक्षण THE CG NEWS …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!