द सीजी न्यूज
राजस्थान के बीकानेर में नकली नोटों की बड़ी फैक्ट्री का भांडा फूटा है। पुलिस ने अब तक की कार्रवाई में करीब 3 करोड़ के नकली नोट बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया है. फैकट्री में 500 और 2 हजार के नकली नोट बनाने की मशीन भी मिली है। पुलिस का कहना है कि गिरोह बीकानेर से देशभर में नकली नोट सप्लाई करता था।
गिरफ्तार किये गए लोगों में 3 नोखा और 3 बीकानेर से हैं। बीकानेर के जयनारायण व्यास कॉलोनी नोखा और लूणकरणसर पुलिस ने आईजी ओमप्रकाश के नेतृत्व में इस छापेमार कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने दावा किया है कि नकली नोटों की फैक्ट्री पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई बीकानेर में की गई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक नोखा के माडिया गांव और बीकानेर शहर के जयनारायण व्यास कॉलोनी एरिया में कार्रवाई हुई, जहां 500 और 2 हजार के नकली नोट बनाने के लिए एक मशीन मिली है और नोटों की छपाई के बाद यहां से हवाला में नोट भेजे जा रहे थे।
जानकारी के मुताबिक बीते दिनों आईजी ओमप्रकाश पासवान को नोटों की छपाई के बारे में इनपुट मिला था, जिसके बाद पुलिस की खुफिया टीम को सूचना दी गई, पुलिस ने गोपनीय तरीके से पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया और नकली नोट चलाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया।पुलिस को मौके से काफी मात्रा में हाई क्वालिटी कागज और कई नोट छापने की मशीनें भी मिली है, जिन्हें जब्त कर लिया गया है।
थाने से महज 2 किलोमीटर दूर स्थित एक मकान में पिछले एक साल से जाली करेंसी छापी जा रही है। यहां से करोड़ों रुपए के जाली नोट दिल्ली, कोलकाता, मुंबई, सूरत, अहमदाबाद, चेन्नई, बेंगलुरु सहित देशभर के बड़े शहरों में खपाए जा चुके हैं। ग्राम पंचायतों की मीटिंग के दौरान आसपास के इलाकों में जाली नोट छपने की चर्चा हुई तो 2 सिपाहियों के कान खड़े हुए। उन्होंने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। फिर बड़े अफसर हरकत में आ गए। शनिवार की शाम करीब साढ़े सात बजे छापेमारी कर मौके से 2 करोड़ 74 लाख जाली करेंसी जब्त की गई है। साथ ही, 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम जयनारायण व्यास थाने से महज 2 किलोमीटर दूर वृंदावन एन्क्लेव में छापेमारी की गई। मकान नंबर 670 में पुलिस पहुंची तो होश उड़ गए। वहां नोट छापने की मशीन (प्रिंटर) लगी थी। वहां से रविकांत जाखड़ (24), नरेंद्र शर्मा उर्फ विक्की (27) और मालचंद शर्मा (29) को गिरफ्तार किया गया। मकान में रखे 2 करोड़ 74 लाख रुपए भी पुलिस ने जब्त कर लिए। पुलिस कार्रवाई से पहले चंपालाल शर्मा उर्फ नवीन सारस्वत (31), पूनमचंद शर्मा (26) और राकेश सारस्वत (22) फरार हो गए। रात करीब नौ बजे नोखा के पास से इनको गिरफ्तार किया गया।
पूरे देश में पहुंच गए नकली नोट
बीकानेर में छापे गए ये नोट राजस्थान के अलावा नई दिल्ली, कोलकाता, मुंबई, पुणे, चेन्नई, बेंगलुरु, पटना, गुवाहाटी, शिलॉन्ग, लुधियाना, चंडीगढ़, सूरत, अहमदाबाद, वृंदावन, बनारस, गाजियाबाद में हवाला कारोबारियों के माध्यम से नकली नोट पहुंच गए हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

