- 21 एकड़ क्षेत्रफल में फैला तालाब सौंदर्यीकरण के मामले में होगा नंबर वन, बदल जाएगी तालाब की तस्वीर
- भिलाई के विकास में जुड़ेगा एक नया आयाम, बोटिंग सहित तमाम सुविधाओं से होगा लैस
- शहर के अन्य तालाबों को भी संवारा जाएगा, एमआईसी की बैठक में महापौर नीरज पाल ने कई विकास कार्यों को दी मंजूरी
द सीजी न्यूज
भिलाई नगर/ नगर निगम भिलाई के एमआईसी कक्ष में आज महापौर नीरज पाल की अध्यक्षता और आयुक्त लोकेश चंद्राकर व अपर आयुक्त अशोक द्विवेदी की उपस्थिति में मेयर इन काउंसिल की बैठक में विकास कार्यों के कई महत्वपूर्ण फैसले लिये गए। वैशाली नगर क्षेत्र में रामनगर मुक्तिधाम तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य को मंजूरी दी गई। यह तालाब शहर का सेंटर आफ अट्रैक्शन बनेगा। 21 एकड़ क्षेत्रफल में फैले तालाब का सौंदर्यीकरण 2.5 करोड़ की लागत से होगा।
तालाब सौंदर्यीकरण होने के बाद सेक्टर 5 स्थित गार्डन से भी ज्यादा आकर्षक बनाया जाएगा। तालाब के सौंदर्यीकरण में लोगों की सुविधाओं को देखते हुए घूमने के लिए पाथवे, आकर्षक पौधे, पोस्ट लैंप, बैठने के लिए गार्डन चेयर, गाजिबो, फ्लावर पॉट, लैंडस्कैपिंग, वॉल फाउंटेन, चारों ओर सुरक्षित घेरा के लिए फेंसिंग, भव्य आकर्षक द्वार, रात में पूरे क्षेत्रफल को रोशनी प्रदान करने के लिए हाई मास्ट लाइट, पेवर ब्लॉक युक्त पाथवे, शौचालय की सुविधा, छठ पर्व को देखते हुए घाट निर्माण, चेंजिंग रूम की सुविधा, मनोरंजन के लिए बोटिंग जोन, बच्चों के खेलने के लिए चिल्ड्रन पार्क जैसी कई सुविधाएं रहेगी।
रामनगर मुक्तिधाम पहुंच मार्ग के सड़कों का डामरीकरण भी होगा। गौरव पथ से आजाद चौक होते हुए मुक्तिधाम के सामने और पॉपुलर साइकिल स्टोर से आजाद चौक तक डामरीकरण किया जाएगा। सेक्टर 9 स्थित तालाब और सेक्टर 2 स्थित तालाब का कायाकल्प भी करोड़ों की लागत से किया जाएगा। वैशाली नगर क्षेत्र में एक करोड़ की लागत से सड़कों का डामरीकरण व उन्नयन कार्य होगा। हुडको क्षेत्र में डामरीकरण का कार्य करोड़ों की लागत से किया जाएगा। अन्य जोन के सड़कों का भी डामरीकरण किया जाएगा।
महापौर नीरज पाल की मांग पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सर्व समाज मांगलिक भवन के लोकार्पण के दौरान प्रत्येक जोन क्षेत्र में सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए सभी जोन के लिए 5 करोड़ देने की घोषणा की थी। वैशाली नगर क्षेत्र में करोड़ों की लागत से नाली निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव प्रेषित करने, भिलाई निगम के वार्डों में कचरा कलेक्शन और स्वच्छता के कार्यों के लिए निविदा, निगम के विभिन्न योजनाओं में रिक्त व्यवसायिक/आवासीय/आवासीय सह व्यावसायिक भूखंडों के आबंटन के संबंध में, सिविक सेंटर में स्थित चौपाटी निर्माण कार्य, हुडको मैदान में डॉक्टर भीमराव अंबेडकर सर्व समाज मांगलिक भवन निर्माण कार्य, मोर शहर मोर जिम्मेदारी के तहत भिलाई निगम क्षेत्र अंतर्गत मुख्य चौक चौराहों का विकास एनजीओ, कंपनी, उद्योगपति, निजी संस्था आदि के माध्यम से किए जाने, नगर निगम भिलाई क्षेत्र अंतर्गत डोर टू डोर राजस्व वसूली जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हुए महापौर परिषद ने स्वीकृति दी।
भिलाई शहर में यूनीपोल लगाए जाएंगे। इसके लिए विभागीय प्रक्रिया पूर्ण की जा चुकी है। शहर में पूर्व में लगे हुए बेतरतीब होर्डिंग से छुटकारा मिल चुका है। यूनीपोल लगाने से शहर की सुंदरता बढ़ जाएगी। निगम को भारी राजस्व की प्राप्ति भी होगी। आज महापौर परिषद ने इसकी भी स्वीकृति दी है। बैठक में महापौर परिषद के सदस्य लक्ष्मीपति राजू, सीजू एंथोनी, संदीप निरंकारी, एकांश बंछोर, साकेत चंद्राकर, चंद्रशेखर गवई, नेहा साहू, केशव चौबे, आदित्य सिंह, मन्नान गफ्फार खान, रीता सिंह गेरा और मीरा बंजारे मौजूद रहे।
नो प्रॉफिट नो लॉस के तहत निगम क्षेत्र के खेल मैदानों का होगा संचालन और संधारण
नगर निगम भिलाई क्षेत्र में निगम द्वारा बनाए हुए कई खेल मैदान हैं जहां खिलाड़ी दिन के अलावा रात में भी खेल अभ्यास करते हैं। इन खेल मैदानों को नो प्रॉफिट नो लॉस के तहत आरएफपी निविदा के माध्यम से संचालन और संधारण के लिए महापौर परिषद ने सर्वसम्मति से पास किया है।
वायु प्रदूषण के स्तर की होगी जांच, भिलाई शहर में स्थापित होंगे हाईटेक इक्विपमेंट
भिलाई शहर में वायु गुणवत्ता सुधार के तहत वायु प्रदूषण के लेवल की जांच करने के लिए हाईटेक इक्विपमेंट स्थापित किया जाएगा। इससे पता चलेगा कि प्रदूषण का स्तर कितना है। इससे शहर में प्रदूषण पता होने पर इसकी रोकथाम करने में मदद मिलेगी। इसे भी महापौर परिषद ने मंजूरी दी है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

