द सीजी न्यूज

 

किडनी से संबंधित रोगों के इलाज में गम्भीर मरीजों के लिए डायलिसिस बेहद जरूरी होता है। एक बार डायलिसिस कराने के लगभग 2500 रुपये तक खर्च हो जाते हैं। ऐसे में मरीज और उनके परिजन के लिए मेडिकल खर्च वहन कर पाना मुश्किल होता है। आम जनता की सहूलियत और उनकी समस्याओं के निराकरण के मद्देनजर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर प्रदेश के सभी जिलों में स्वास्थ्य सुविधाओं में विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में कोरिया जिले में भी स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करते हुए वर्तमान में 5 डायलिसिस मशीनें जिला चिकित्सालय बैकुंठपुर में उपलब्ध हैं। सबसे बड़ी राहत की बात ये है कि यहां डायलिसिस की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क है।
कोरिया जिले में पूर्व से ही एक डायलिसिस मशीन के जरिए मरीजों को यह सुविधा मिल रही थी। स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने के उद्देश्य से यहां 4 मशीनें और स्थापित की गई हैं जिससे कुल डायलिसिस मशीनों की संख्या अब पांच हो गई है।

प्रतिदिन 10 मरीजों को मिल सकेगी सुविधा

कोरिया जिले के कलेक्टर कुलदीप शर्मा से मिली जानकारी के अनुसार पूर्व में संचालित एक मशीन से प्रतिदिन 2 मरीजों को डायलिसिस की सुविधा दी जा रही थी, अब जिला अस्पताल में मशीनों की संख्या बढ़ने से प्रतिदीन 10 मरीजों का डायलिसिस किया जा सकेगा। किडनी रोगियों में डायलिसिस की बढ़ती आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए मशीनों की संख्या में वृद्धि की गई है जिसके बाद विगत 15 दिवस में ही 24 जरूरतमंदों का निःशुल्क डायलिसिस किया गया है।