- प्रशासन तुंहर द्वार अंतर्गत भरर में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में 10 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने दिए आवेदन
- 285 आवेदन आये शिविर में, मौके पर 204 आवेदनों का निराकरण, कलेक्टर पुष्पेंद्र मीणा ने कहा, एक सप्ताह के भीतर निराकृत होंगे सभी आवेदन
द सीजी न्यूज
दुर्ग / प्रशासन तुंहर द्वार अभियान के अंतर्गत ग्राम भरर में पहले जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन हुआ। शिविर में 10 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। शिविर में 1 हफ्ते पूर्व से ही ग्रामीणों से आवेदन लिए गए थे और इनके निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया था। आज भी ग्रामीणों से आवेदन लिए गए। शिविर में 285 आवेदन आये, जिनमें 204 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया।
इससे पूर्व 551 आवेदन ग्रामीण सचिवालय के माध्यम से आये थे, जिनमें 301 का निराकरण कर दिया गया है। कलेक्टर ने राशन कार्ड से संबंधित आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह सचिव और खाद्य विभाग की जिम्मेदारी है कि सभी पात्र हितग्राहियों का राशन कार्ड बन जाए। किसी तरह का विलंब ना हो, इसके लिए आप फील्ड में घूमकर पात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन करें और उन्हें लाभ दिलाएं।
सुरपा में एक ग्रामीण ने कहा कि मेरे द्वारा दिए गए राशन कार्ड के आवेदन में काफी विलंब किया जा रहा है। सुरपा सचिव से इस संबंध में सवाल करने पर स्पष्ट जवाब न मिलने पर कलेक्टर ने सचिव को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राशन कार्ड जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए त्वरित समाधान के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शिविर में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक साहू भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि भरर में शिविर के आयोजन से ग्रामीणों की समस्या का तेजी से समाधान मौके पर ही हो रहा है। प्रशासन की यह पहल बहुत अच्छी है। सरपंच गरिमा भारती ने शिविर आयोजन के लिए आभार जताया। शिविर में गंभीर बीमारियों के लिए आवेदन लेने आए हितग्राहियों का उचित इलाज करने बीएमओ को निर्देश दिये गए। स्वस्थ बच्चों को पुरस्कृत किया गया और मौके पर ही पात्र हितग्राहियों को राशन कार्ड दिया गया। शिविर में जिला पंचायत सीईओ अश्विनी देवांगन, एसडीएम विपुल गुप्ता, जनपद सीईओ मुकेश कोठारी भी मौजूद रहे।
सड़क बनने के दौरान पाइपलाइन का विशेष ध्यान रखें – शिविर में एक आवेदन पीडब्ल्यूडी की सड़क से पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के संबंध में आया। कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को निर्माण एजेंसियों के साथ बैठक लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के वक्त यह ध्यान रखा जाए कि पाइपलाइन क्षतिग्रस्त ना हो। अगर ऐसा हुआ तो इसकी तुरंत मरम्मत की जाए। उन्होंने निर्माण एजेंसियों के साथ बैठक में एसडीएम को भी उपस्थित रहने कहा।
रेवेन्यू प्रकरणों में देर होने की शिकायत पर कलेक्टर ने दिये निर्देश – शिविर में एक आवेदन नवीन ऋण पुस्तिका जारी करने के संबंध में आया। ग्रामीण ने शिकायत करते हुए कहा कि ऋण पुस्तिका जारी करने में समय लगाया जा रहा है। पटवारी ने बताया कि आवेदन में कुछ कमियां हैं, जिसके बारे में बताया गया है। कलेक्टर ने कहा कि जब पहली बार ग्रामीण आवेदन लेकर आएं उसी समय उन्हें बता दिया जाए कि कौन से कागजात की जरूरत होगी और इनके मिलने पर कब तक प्रकरण निराकृत कर दिया जाएगा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

