द सीजी न्यूज
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आज वरिष्ठ विधायक अरुण वोरा अल सुबह शिवनाथ नदी तट पर पहुंचे और आरती, पूजा में शामिल होने के साथ ही श्रद्धालुओं से मुलाकात की। वोरा ने शिवनाथ आचमन कर भगवान शंकर का अभिषेक किया और सभी के लिए मंगलकामना की। वोरा ने इस दौरान शिवनाथ तट पर की गई प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।
वोरा ने कहा कि हिन्दू धर्म के शैव और वैष्णव दोनों ही मतों में कार्तिक पूर्णिमा का अपना महत्व है। जल प्रलय के दौरान वेदों की रक्षा के लिए भगवान विष्णु के प्रथम मत्स्य अवतार का अवतरण इसी दिन हुआ, ऐसा माना जाता है। वेदों और पुराणों में कार्तिक मास की पूर्णिमा अपना खास महत्व रखती है। इसके अलावा सिक्ख समाज के प्रथम गुरु गुरुनानक देव का प्रकाश पर्व भी इसी दिन मनाया जाता है। उन्होंने इस अवसर पर सिख समाज के लोगों को बधाई और शुभकामनाएं दी।
श्रद्धालुओं ने नदी तट में होने वाले आयोजनों के दौरान समस्याओं से अवगत कराया। इसके बाद वोरा ने विधायक निधि से तट पर स्थित राम जानकी मंदिर के जीर्णोद्धार व सौंदर्यीकरण के साथ तट पर सुलभ निर्माण कराने की घोषणा की। वोरा ने निगम अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शिवनाथ तट पर साल भर में कई आयोजन किये जाते हैं। यहां श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। इसके दृष्टिगत व्यवस्थाएं बढ़ाना आवश्यक है। सार्वजनिक शौचालय, चेंजिंग रूम जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। वोरा ने पुलिस विभाग और एसडीआरएफ के अधिकारियों को मौके पर सजग रहने के निर्देश दिए। इस दौरान एल्डरमैन राजेश शर्मा, अंशुल पांडेय, प्रवीण चंद्राकर मौजूद थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal


