- शहर को ग्रीन सिटी बनाएंगे – महापौर
द सीजी न्यूज
दुर्ग/ नगर निगम दुर्ग की ओर से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज शहर विधायक अरुण वोरा, महापौर धीरज बाकलीवाल ने शिवनाथ नदी मुक्तिधाम मार्ग के किनारे वृक्षारोपण किया। इस दौरान निगम कमिश्नर लोकेश चन्द्राकर, सभापति राजेंश यादव, पर्यावरण प्रभारी सत्यवती वर्मा, संजय कोहले, जयश्री जोशी, विजेंद्र भारद्वाज, राजेंश शर्मा ने भी कदम और बादाम के बड़े साइज के पौधे रोपे।
विधायक अरुण वोरा ने कहा कि लगातार बढ़ते औद्योगिकीकरण और शहरों की आबादी बढ़ने के कारण वृक्षारोपण करना बेहद आवश्यक है। नगर निगम द्वारा पौधरोपण किया जा रहा है। शिवनाथ नदी मार्ग पर वृक्षारोपण से इस सड़क पर हरियाली बिखरेगी। यह मार्ग हरा-भरा और सुंदर दिखाई देने लगेगा। महापौर धीरज बाकलीवाल ने कहा कि पिछले साल भी नगर निगम द्वारा शहर में विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण किया गया था। इस बार भी बड़ी तादाद में पौधे रोपे जाएंगे और शहर को ग्रीन सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा। महापौर ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि अपने घर आंगन और आसपास एक पौधा जरूर लगाएं और दूसरों को भी प्रेरित करें।
महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पर्यावरण संरक्षण के लिए मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना प्रारंभ की है। निगम आयुक्त लोकेश चन्द्राकर ने कहा कि वृक्षारोपण के लिए सभी वार्डों में स्थल चयन किया जा रहा है। निगम द्वारा किए जा रहे पौधरोपण की सुरक्षा और देखभाल की जा रही है। अधिकांश पौधे अब वृक्ष का रूप लेने लगे हैं। शिवनाथ नदी मुक्तिधाम मार्ग पर लगाए गए पौधों के संरक्षण के लिए पौधों को पाइप के अंदर थ्री गार्ड के रूप में लगाया गया है। इससे पौधे सुरक्षित रहेंगे। इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता एसडी शर्मा, सहायक अभियंता जितेंद्र समैया, स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली, उपअभियंता भारती ठाकुर, उद्यान प्रभारी अनिल सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
