- 9 जून को प्रमुख नेताओं की उपस्थिति में तीनों प्रत्याशी नामांकन दाखिल करेंगे
द सीजी न्यूज
दुर्ग। नगरीय निकाय और पंचायत में होने वाले उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने प्रत्याशियों का चयन कर लिया है। दुर्ग जिला भाजपा अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा के संयोजन में जिला समन्वय समिति की बैठक में चुनाव संचालन समिति से अनुशंसित नामों का अनुमोदन किया गया।जिला समन्वय समिति द्वारा प्रत्याशियों के नामों का अनुमोदन किए जाने के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव, प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय, संभाग प्रभारी भूपेंद्र सवन्नी व जिला प्रभारी राजीव अग्रवाल ने प्रत्याशियों के नामों पर सहमति प्रदान की। जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा द्वारा नगरीय निकाय एवं पंचायत उपचुनाव हेतु प्रत्याशियों की घोषणा की गई।
जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 6 के सदस्य पद के उपचुनाव के लिए दिव्या साहू ( पूर्व सरपंच कोटनी) को भारतीय जनता पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया गया। दुर्ग नगर पालिका निगम के वार्ड क्रमांक 42 के पार्षद पद के लिए कांता साहू (पूर्व पार्षद) को और अहिवारा नगर पालिका परिषद के वार्ड क्रमांक 14 के पार्षद पद हेतु अधिकृत प्रत्याशी मीना जोशी (पूर्व पार्षद) को भाजपा का प्रत्याशी घोषित किया गया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने नगरीय निकाय चुनाव के बी फार्म जारी किए जाने हेतु जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा को अधिकार प्रदत्त किया है। जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने बताया कि शुक्रवार 9 जून को तीनों प्रत्याशियों का नामांकन दाखिल कराया जाएगा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
