द सीजी न्यूज
दुर्ग/ नगर निगम दुर्ग के भवन शाखा द्वारा आज मान होटल के पास शिक्षक नगर मार्ग पर जीर्णशीर्ण भवन को खाली कराया गया। दुर्ग थाना पुलिस बल की मौजूदगी में वार्ड 7 स्थित महावीर स्कूल मार्ग पर संचालित नानकराम किराना दुकान को खाली कराने के बाद सील कर दिया गया। एसडीएम कोर्ट के आदेश पर निगम आयुक्त लोकेश चन्द्राकर के निर्देश पर भवन शाखा के भवन अधिकारी प्रकाशचन्द थवानी, नायब तहसीलदार, शतेन्द्र शुक्ला, सहायक भवन अधिकारी गिरीश दीवान, भवन निरीक्षक विनोद मांझी, अतिक्रमण विरोधी दस्ते के नोडल अधिकारी दुर्गेश गुप्ता सहित निगम की टीम ने दुकान खाली कराया।
न्यायालय अनुविभागीय अधिकारी के आदेश के परिपालन में किराना संचालक नानकराम स्टोर को 7 दिनों में खाली करने के निर्देश दिए गए थे। इससे पहले दुकान संचालक को तीन बार विभाग द्वारा नोटिस जारी किया गया था। नोटिस का संतोषजनक जवाब न मिलने पर आज दुकान को खाली खाली कराया गया। किराना दुकान संचालक द्वारा खाली कराए गए सामान की सुपुर्दगी न लेने पर मजिस्ट्रेट और आम नागरिकों की उपस्थिति में सामान को सील बंद कर निगम ने अपने कब्जे में ले लिया।
महावीर स्कूल रोड, त्रिमूर्ति चौक पर आवेदक अशोक गुप्ता व अन्य निवासी नेहरू नगर दुर्ग के स्वामित्व वाले भवन की हालत काफी जर्जर हो गई है। भविष्य में इस भवन के गिरने से जानमाल के नुकसान की संभावना जताई जा रही है। उन्होंने जर्जर भवन को हटाने की अनुमति के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था। भवन में काबिज बजरंग शर्मा, संचालक नानकराम किराना स्टोर्स, दुर्ग को दुकान खाली करने के लिए नगर निगम कार्यालय से नोटिस भेजी गई लेकिन नोटिस के जवाब में बजरंग शर्मा द्वारा मामला न्यायालय में होने का जिक्र करते हुए दस्तावेज प्रस्तुत किया गया।
न्यायालय अनुविभागीय दण्डाधिकारी दुर्ग, जिला-दुर्ग द्वारा 24 मई 2023 को सात दिनों के भीतर दुकान से कब्जा हटाने निर्देशित किया गया था। कब्जा न हटाने पर आवेदक द्वारा प्रस्तुत आवेदन के आधार पर नगर निगम को तहसीलदार, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की उपस्थिति में स्थल खाली कराने और जर्जर भवन हटाने/ व्यवस्थित करने की कार्यवाही करने निर्देशित किया गया। न्यायालय के आदेश के बाद नगर निगम प्रशासन ने आज दुकान को खाली करा दिया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

