Breaking News

यूपीए सरकार ने दस वर्षों में 12 लाख करोड़ का भ्रष्टाचार किया : छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार की उल्टी गिनती शुरू : अमित शाह

  • दुश्मन जवानों के सर काट कर ले जाते थे मनमोहन सरकार उफ तक नही करती थी हम घर में घुस कर मारते है :अमित शाह
  • विपक्षी माहौल बनाते थे 370 धारा हटी तो खून की नदियां बहेंगी, एक कंकड़ तक नहीं चला : अमित शाह 

द सीजी न्यूज

दुर्ग। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को दुर्ग की विशाल जनसभा में कहा कि यहां उमड़ा जनसागर इस बात का प्रमाण है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस और उसकी प्रदेश सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। भारतीय जनता पार्टी के महासम्पर्क अभियान के सिलसिले में आहूत जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कांग्रेस पर जमकर प्रहार किये। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के सफल नौ वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर भाजपा की यह सभा दुर्ग के रविशंकर स्टेडियम में आयोजित की गई थी।

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नौ वर्षों के कार्यकाल में देश में बड़े परिवर्तन आए हैं। विभिन्न योजनाओं व कल्याणकारी कार्यक्रमों ने गांव, गरीब, किसानों की तरक्की के रास्ते खोले हैं। इससे पहले कांग्रेसनीत यूपीए के 10 वर्षों के शासनकाल में 12 लाख करोड़ का भ्रष्टाचार हुआ नौ वर्षों के भाजपा शासनकाल में हम पर विपक्ष भ्रष्टाचार का आरोप तक नहीं लगा पाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने पारदर्शी सुशासन दिया है।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के राज में आतंकी घटनाओं का सिलसिला चलता था। पाकिस्तानी आतंकी भारतीय जवानों का सिर काटकर ले जाते थे और मनमोहन सरकार उफ तक नहीं करती थी। केन्द्र में भाजपा की सरकार ने उरी और पुलवामा के आतंकी हमलों का क्रमश: सर्जिकल व एयर स्ट्राइक करके घर में घुसकर आतंकियों का सफाया कर दिया। कांग्रेस ने 70 सालों तक जम्मू-कश्मीर में धारा 370 को गोद में रखा, और मोदी सरकार ने राष्ट्रीय एकता व अखंडता अक्षुण्ण रखने धारा 370 को समाप्त किया। कांग्रेस समेत सभी विपक्षी धारा 370 समाप्त होने पर खून की नदियां बहने का हौवा खड़ा कर रहे थे, लेकिन खून बहना तो दूर, एक कंकड़ तक नहीं चला।

शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार के ये नौ साल भारत गौरव, गरीब कल्याण और भारत उत्कर्ष का स्वर्णिम काल है। केन्द्र सरकार की उज्ज्वला गैस कनेक्शन, घर-घर शौचालय, हर घर बिजली, प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान भारत, जल-जीवन मिशन और गरीबों को पांच किलो मुफ्त अनाज आदि योजनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि देश के करोड़ों परिवारों को इन सभी योजनाओं का लाभ मिला है। कोरोना वैक्सीन के दोनों टीके नि:शुल्क लगाकर 130 करोड़ भारतीयों को करोना आपदा से सुरक्षित करने का कार्य नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुआ।

अयोध्या में भगवान श्री राम मंदिर के निर्माण की चर्चा करते हुए शाह ने कहा कि वोट बैंक और तुष्टीकरण की राजनीति करके कांग्रेस ने 70 सालों तक मंदिर निर्माण को अटकाने, लटकाने और भटकाने का काम किया लेकिन भाजपा की केन्द्र सरकार ने मंदिर निर्माण की सारी बाधाओं को समाप्त किया और अब जनवरी-2024 में प्रभु रामलला सम्मानपूर्वक अयोध्या के भव्य मंदिर में विराजमान होंगे।

अमित शाह ने कहा कि आज भारत 11वें स्थान से आगे बढ़कर विश्व की 5वीं बड़ी अर्थव्यवस्था का देश बन गया है। जी-7 सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जैसा सम्मान मिला और विश्व में जो सम्मान मिल रहा है, वह देश के 130 करोड़ भारतीयों का सम्मान है। वामपंथी उग्रवाद की चर्चा करते हुए शाह ने कहा कि केन्द्र सरकार के प्रयासों से इस पर काबू पाया गया है। पहली बार आदिवासी समाज की बेटी को राष्ट्रपति बनाया गया, पिछड़ा वर्ग को उसका सम्मान दिलाने पिछड़ा वर्ग आयोग बनाया गया।

केन्द्रीय गृह मंत्री शाह ने छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार पर भी जमकर हमला बोला और कहा कि छत्तीसगढ़ की बघेल सरकार वादाखिलाफी करने वाली सरकार है। पूर्ण शराबबंदी का वादा करके गांव-गांव में शराब की डिलीवरी करने वाली भूपेश सरकार से न तो युवाओं को रोजगार दिया, न स्व-सहायता समूहों का कर्ज माफ किया। बेरोजगारी भत्ता के नाम पर युवाओं से छल करने वाली छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने रेडी-टू-ईट  योजना में काम कर रही महिलाओं को बेरोजगार कर दिया। वृद्धा पेंशन योजना का कहीं अता पता नहीं हैं और छत्तीसगढ़ पर कर्जों का बोझ लाद दिया। तेंदूपत्ता संग्राहकों को पारिश्रमिक व बोनस के 500 करोड़ रुपए का भुगतान अभी तक बकाया है।

शाह ने कहा कि इतनी वादाखिलाफी करने वाली भूपेश सरकार को शर्म आनी चाहिए। शराब, कोयला, रेत, राशन, गौठान, पीएससी, कोरोना सेस, डीएमएफ, जमीन  घोटाले करके हजारों करोड़ रुपए का भ्रष्टाचार करने वाली छत्तीसगढ़ सरकार के कार्यकाल में 25 हजार शिशु समुचित इलाज के अभाव में मर गए, पंडो आदिवासी कुपोषण के शिकार हैं, 5 हजार महिलाओं से बलात्कार के मामले दर्ज हैं, 1 हजार किसानों को आत्महत्या करनी पड़ी है।

केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने धान खरीदी पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल व उनकी सरकार को झूठ न बोलने की नसीहत देते हुए शाह ने कहा कि 74 हजार करोड़ रुपए भेजकर केन्द्र सरकार ने छत्तीसगढ़ का चावल खरीदा जबकि किसानों के नाम पर झूठ बोलने वाली कांगेस सरकार ने 12,600 करोड़ रुपए ही किसानों को दिए। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के सिस्टम को खड़ा करने का श्रेय पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन संह  को देते हुए शाह ने कहा कि उन्होंने छत्तीसगढ़ को बीमारू राज्य से विकसित प्रदेश बनाने का काम डॉ. सिंह ने अपने मुख्यमंत्रित्व काल में किया है। यूपीए शासन के 10 वर्षों में छत्तीसगढ़ को सिर्फ 74 हजार करोड़ रुपए मिले थे, लेकिन प्रधानमंत्री श्री मोदी की सरकार ने नौ वर्षों में 3 लाख करोड़ रुपए छत्तीसगढ़ को भेजा गया है।

सभा को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष व महासंपर्क अभियान के प्रदेश संयोजक शिवरतन शर्मा, सांसद संतोष पांडेय, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, सांसद डॉ. सरोज पांडेय, सांसद मोहन मंडावी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर भाजपा  प्रदेश प्रभारी ओमप्रकाश माथुर, सह प्रभारी नितिन नबीन, सांसद विजय बघेल, विजय शर्मा, दुर्ग संभाग प्रभारी भूपेन्द्र सावन्नी, चंद्रशेखर साहू, संदीप शर्मा, यशवंत जैन, जितेंद्र वर्मा, राजीव अग्रवाल, भरत वर्मा, नीलू शर्मा, देवलाल ठाकुर, पवन साहू, बृजेश बृजपुरिया सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभा का संचालन पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्ग संभाग प्रभारी भूपेन्द्र सवन्नी ने किया।

Check Also

गोडसे के चेले देशभक्तों पर आरोप लगा रहे, वोट चोरी के विरोध में जनसैलाब को नहीं रोक पाएगी कोई भी तानाशाह ताकत : ठाकुर

एआईसीसी आब्जर्वर राजेश ठाकुर बोले – चोरों के सरदार की भाषा बता रही है कि …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!