Breaking News

विकास कार्यों से निखरी सुकमा की तस्वीर, अब देर रात जाने में नहीं लगता लोगों को डर : भूपेश बघेल

  • दक्षिण भारत से आने पर छत्तीसगढ़ की पहली विधानसभा है कोंटा, प्रवेश का अनुभव बहुत अच्छा हो, इसके लिए हम सबने कड़ी मेहनत की, नतीजे सुखद रहे 

द सीजी न्यूज

 

वर्चुअल रूप से हुए समारोह में 303 करोड़ रुपए के विकास कार्यों के लोकार्पण-भूमिपूजन

सीएम भूपेश बघेल ने आज सुकमा में 303 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का वर्चुअल लोकार्पण-भूमिपूजन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते चार सालों में सुकमा जिले में बड़े पैमाने पर विकास कार्य किये गये हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़कें जैसी अधोसंरचना मजबूत की गई। सुरक्षा व्यवस्था भी सुदृढ़ की गई। पहले देर रात सुकमा जाने में लोगों के मन में आशंका रहती थी। अब लोग निःसंकोच यात्रा करते हैं। दक्षिण भारत से छत्तीसगढ़ में प्रवेश करने पर पहली विधानसभा सुकमा जिले का कोंटा है। यहां सबके सहयोग से सुकमा जिले के विकास के लिए योजनाएं बनाईं और इसे क्रियान्वित किया। इन सालों में यहां बड़ा बदलाव आया है और इसे यहां पहुंचकर महसूस कर सकते हैं। हमने यहां सुरक्षा बेहतर की। जगरगुंडा में 13 साल बाद दोबारा स्कूल आरंभ किया।

लोकार्पण-भूमिपूजन

मुख्यमंत्री ने 303.67 करोड़ रुपए की लागत के 131 विकास और निर्माण कार्यों की सौगात दी, जिसमें 63 करोड़ 56 लाख 27 हजार रुपए की लागत वाले 33 विकास कार्यों का लोकार्पण और 240 करोड़ 10 लाख 81 हजार रुपए की लागत वाले 98 विकास और निर्माण कार्यों का शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भेंट मुलाकात के दौरान मंत्री कवासी लखमा ने सुकमा जिले में विकास कार्यों की जो मांगे रखी थीं, उन पर निर्णय लिये गए। आज शिक्षा, स्वास्थ्य, अधोसंरचना से संबंधित बड़े कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन किया गया है। बस्तर फाइटर्स की भर्ती से लेकर तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए उचित दर जैसे सभी विषयों पर हम काम कर रहे हैं।

आबकारी एवं उद्योग मंत्री कवासी लखमा, बस्तर सांसद दीपक बैज, जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश कवासी ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। कलेक्टर हरीश एस ने विस्तार से लोकार्पण और शिलान्यास कार्यों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री की घोषणाएं –  मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर जिला मुख्यालय सुकमा में खेल परिसर की घोषणा की। साथ ही उन्होंने उपस्वास्थ्य केन्द्र भेज्जी के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में उन्नयन, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र किस्टाराम के लिए भवन की स्वीकृति, विकासखण्ड कोन्टा में 28 प्राथमिक शाला भवन का निर्माण, सेंट्रल लाइब्रेरी व बालक एवं कन्या के लिए यूथ हास्टल, बोडको में 100 सीटर आश्रम भवन का निर्माण की घोषणा की। उन्होंने मानकापाल में 100 सीटर आश्रम भवन का निर्माण, वृहद जल प्रदाय योजना छिन्दगढ़ का संचालन लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के माध्यम से किये जाने और बी.एड./डी.एड कॉलेज सुकमा की स्वीकृति की घोषणा की। उन्होंने बस स्टैण्ड सुकमा के निर्माण कार्य के लिए 6 करोड़ रुपये की स्वीकृति, बस स्टेण्ड दोरनापाल के निर्माण कार्य के लिए 4 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी दी। उन्होंने प्री मैट्रिक बाल छात्रावास कुंदनपाल की स्वीकृति, बालक आश्रम डब्बाकोन्टा भवन की स्वीकृति, किस्टाराम में नवीन हाईस्कूल की स्वीकृति की घोषणा भी की।

Check Also

भ्रदेश्वर महाकाल शिव मंदिर में टाइल्स, मार्बल, ग्रेनाइट लगाने भूमिपूजन संपन्न

THE CG NEWS भिलाई। सेक्टर-5 स्थित भ्रदेश्वर महाकाल शिव मंदिर में 3 लाख की लागत …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!