- मैट्रो सिटी की तर्ज पर हो रहा जीई रोड का उन्नयन, सौंदर्यीकरण के बाद ठगड़ा बांध की खूबसूरती में गजब का निखार – वोरा
द सीजी न्यूज
दुर्ग शहर में जीई रोड का सौंदर्यीकरण, उन्नयन कार्य 64 करोड़ की लागत से हो रहा है। यह कार्य अब अंतिम चरण में है। चौड़ी सड़क बन चुकी है। रोड के किनारे गार्डन, लैंडस्केपिंग के कार्य किये जा रहे हैं। रोड पर खूबसूरत रौशनी बिखरने लगी है। इसके साथ ही 16 करोड़ की लागत से ठगड़ा बांध पिकनिक स्पॉट का निर्माण भी लगभग पूरा हो चुका है। अगले महीने इसका लोकार्पण होने की संभावना है। बांध के बीचोंबीच बने आईलैंड और चारों ओर पाथवे पर दूधिया रौशनी ने इस बांध की खूबसूरती बढ़ा दी है। दुर्ग के समग्र विकास के लिए समर्पित विधायक अरुण वोरा की लगातार सक्रियता का असर शहर के सतरंगी विकास के रूप में दिखने लगा है।
साइंस कॉलेज के सामने शहरवासियों को नई चौपाटी की सौगात मिलने जा रही है। शहरवासी अब परिवार सहित स्वादिष्ट फूड आईटम के साथ बच्चों के लिए मनोरंजन आदि की सुविधाएं मुहैया कराई जा रही है। शहर के मध्य से गुजरने वाले जीई रोड पर नेहरू नगर से शिवनाथ नदी तट होते हुए अंजोरा तक सड़क का सौंदर्यीकरण और उन्नयन कार्य लगभग पूर्णता की ओर है। सड़क के किनारे सौन्दर्यीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है।
आज विधायक अरुण वोरा ने शहर में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। वोरा ने कहा कि सड़क डामरीकरण के बाद रोड के किनारे सीमेंटीकरण व पौधरोपण के साथ पेंटिग का कार्य जारी है। हाईमास्ट लाइट व ट्यूबलर पोल के साथ ही रोप लाइट की जगमग से दुर्ग शहर का स्वरूप मेट्रो सिटी जैसा नजर आ रहा है। साइंस कॉलेज के पास फिल्टर प्लांट के सामने चौपाटी विकसित की जा रही है। यहां पेवर ब्लाक का काम चल रहा है। प्रकाश व्यवस्था के लिए ट्यूबलर पोल लगा दिए गए हैं। जल्द ही वेंडिंग जोन के तहत गुमटियां स्थापित की जाएगी, जिससे लोग अपने परिवार सहित यहां चौपाटी का आनंद ले सकेंगे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

