Breaking News

कलेक्टर ने आयुक्त के साथ शहर का किया निरीक्षण : अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिये

द सीजी न्यूज

दुर्ग / कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने आज नगर निगम आयुक्त लोकेश चन्द्राकर के साथ शहर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जीवन प्लाजा के सामने अनियंत्रित पार्किंग से यातायात बाधित होने पर उन्होंने जीवन प्लाजा के मालिक को बेसमेंट में पार्किंग की व्यवस्था करने नोटिस देने और जुर्माना लगाने कहा। जीवन प्लाजा के बाजू में रोड पर गंदगी होने पर सफाई के निर्देश दिये गए। पुरानी गंजमंडी कॉम्प्लेक्स में बन रहे सी मार्ट के सामने मालवाहक वाहनों की पार्किंग हटाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने अधिकारियों से कहा कि कलेक्ट्रेट के सामने अव्यवस्थित ठेला गुमटी वालों को हटाकर व्यवस्थित करें। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सामने अतिक्रमण कर चल रही दुकानों को हटाकर वेंडिंग जोन बनाने और बस स्टैण्ड के सामने चल रहे ठेला गुमटी को हटाने के निर्देश दिये। इसी तरह जिला उद्योग केन्द्र के सामने अतिक्रमण और अवैध पार्किंग को सोमवार तक हटाने कहा गया। इस संबंध में व्यापारियों को नोटिस जारी कर जुर्माना लगाने कहा गया।

कलेक्टर ने जिला उद्योग केंद्र के पास निर्मित मुख्यमंत्री स्वावलंबन की दुकानों के व्यापारियों द्वारा सड़क पर वाहन और  सामान रखे जाने पर सोमवार तक रोड को खाली करने की कार्रवाई करने कहा। कलेक्टर ने साफ कहा कि वे इन स्थानों का दोबारा निरीक्षण करेंगे। उन्होंने कबरवाल पेट्रोल पंप के आगे साइंस कालेज नहर किनारे रिक्त स्थल पर वेंडिंग जोन बनाने और रोड के अव्यवस्थित फुटकर व्यापारियों को व्यवस्थापित करने कहा।

जिला उद्योग केन्द्र के सामने दुकानदारों द्वारा कचरा कलेक्शन प्रतिदिन न होने की शिकायत पर रोज कचरा कलेक्शन करने स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया गया। विद्युत पोल पर बी.एल.एन.एल., जियो फाईबर, एयरटेल की केबल फैली होने पर संबंधित कंपनी से संपर्क कर व्यवस्थित कराने के निर्देश दिये गए। जी. ई. रोड से दीपक नगर शाह हाऊस के बाजू की रोड की मरम्मत कराने कहा गया।

जी.ई.रोड से दीपक नगर में शाह हाऊस के बाजू मार्ग पर जी.ई. रोड से लगी रोड के दोनों ओर कचरा हटाकर यहां प्लांटेशन करने कहा गया। रायपुर नाका ओवर ब्रिज के दायें साईड (बी.आई.टी. की ओर) और फिल्टर प्लांट के बगल में  वेंडिंग जोन बनाने कहा गया। कलेक्टर ने फिल्टर प्लांट के सामने नवनिर्मित स्थल पर फूडपार्क का संचालन करने  ई.ओ.आई. जारी कर एजेंसी चयन करने कहा। निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता आरके पांडेय, सहायक अभियंता जितेंद्र समैया, स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली, सहायक बाजार अधिकारी थानसिंह यादव उपस्थित रहे।

Check Also

ट्रंप के खासमखास हैं निगम कमिश्नर … शायद इसीलिये मनमानी चल रही … कोई रोकटोक नहीं लगा पा रहा है…

भिलाई के भाजपा विधायक रिकेश सेन की एक नहीं सुनते कमिश्नर, अगर सुनते तो भिलाई …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!