- मुख्यमंत्री ने की लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा
द सीजी न्यूज
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को बारिश खत्म होने के फौरन बाद सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि आम जनता के सुविधा के लिए सड़कों के अधूरे कार्य, सड़कों की मरम्मत और नवीनीकरण के कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सड़क निर्माण के कार्य में लगी सभी एजेंसियां सामंजस्य बनाकर तेजी से काम करें।
सीएम ने रायपुर शहर में शारदा चौक से तात्यापारा चौक तक सड़क निर्माण और भू -अर्जन प्रकरण समेत लगभग 137 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली 510 मीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने कहा। तेलीबांधा फ्लाईओवर निर्माण, रायपुर में खारून रिवर फ्रंट और अटल एक्सप्रेस वे को वीआईपी रोड से जोड़ने वाले ओवरब्रिज निर्माण कार्यों की समीक्षा भी की गई। बैठक में पीडब्लूडी मंत्री ताम्रध्वज साहू, शिक्षा मंत्री रविन्द्र चौबे, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, नगरीय प्रशासन विभाग के विशेष सचिव अयाज भाई तंबोली, सीजीआरआईडीसीएल के प्रबंध संचालक सारांश मित्तर और पीडब्लूडी के ईएनसी समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बची हुई सड़कों का निर्माण कार्य जल्दी पूरा होना चाहिए। पीडब्लूडी के अधिकारियों ने बताया कि सरगुजा क्षेत्र में कुल 332.7 किलोमीटर सड़कों की स्वीकृति प्रदान की गई थी, जिसमें 292.2 किलोमीटर सड़कों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। 40.5 किलोमीटर सड़कों का निर्माण कार्य बचा है, जिसे बारिश के बाद जल्द पूरा किया जाएगा। रायगढ़ क्षेत्र में भी 155.4 किलोमीटर सड़कों का कार्य पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि शेष कार्य भी जल्द पूरा किया जाए।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
