- शहर में विकास कार्यों में तेजी लाएं : महापौर धीरज बाकलीवाल
- काम करने वाले ठेकेदारों को ही दिये जाएंगे नए कार्य : आयुक्त
द सीजी न्यूज
दुर्ग। नगर निगम द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा करने आज आपात बैठक बुलाई गई। बैठक में महापौर धीरज बाकलीवाल और निगम आयुक्त लोकेश चंद्राकर ने विकास कार्यों में लेटलतीफी करने वाले ठेकेदारों को जमकर फटकारा। बैठक में अपूर्ण विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने और नए कार्यों की शुरूआत जल्द करने के निर्देश दिये गए। निगम अधिकारियों और ठेकेदारों के साथ हुई समीक्षा बैठक में लोक कर्म प्रभारी अब्दुल गनी, संजय कोहले, दीपक साहू, मनदीप सिंह भाटिया भी मौजूद रहे।
बैठक में नाली निर्माण, उद्यान, डामरीकरण, सीसी रोड, पेवर ब्लाक, गौरवपथ चौड़ीकरण व उन्नयन कार्य, सार्वजनिक शौचालय के साथ अन्य मदों से शुरू होने वाले कार्यों को लेकर अधिकारियों/ठेकेदारों को जवाबतलब किया गया। मेयर धीरज बाकलीवाल व आयुक्त लोकेश चन्द्राकर ने विकास कार्यों में तेजी लाने कहा। महापौर ने विकास कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिये। महापौर और निगम आयुक्त ने कहा कि शहर में सीसी रोड, नाली, पेवर ब्लाक, नाला सुदृढ़ीकरण व अन्य मरम्मत के कार्य प्राथमिकता से पूरा कराएं।
उहोने कहा कि वर्क आर्डर के बाद भी काम शुरू न करने वाले ठेकेदारों को भविष्य में काम नहीं दिया जाएगा। समय पर काम पूरा न करने और निर्माण कार्य में देरी करने वाले ठेकेदारों पर नाराजगी जताई। अच्छा कार्य करने और समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने वाले ठेकेदारों को 15 वें वित्त आयोग के कार्यों को प्राथमिकता से दिया जाएगा। बैठक में ठगड़ाबांध का निर्माण कार्य जल्द पूरा करने पर जोर दिया गया। बैठक में कार्यपालन अभियंता दिनेश नेताम,आरके पाण्डे, भवन अधिकारी प्रकाशचंद थवानी, जितेंद्र समैया, संजय ठाकुर और सभी ठेकेदार मौजूद रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
