द सीजी न्यूज
छत्तीसगढ़ में पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए चल रही छत्तीसगढ़िया ओलंपिक प्रतियोगिता 10 सितंबर से संभाग स्तर पर होगी। संभाग स्तर में यह प्रतियोगिता 20 सितंबर तक चलेगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पहल और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री उमेश पटेल के मार्गदर्शन में चल रही छत्तीसगढ़िया ओलंपिक को इस वर्ष भी अभूतपूर्व लोकप्रियता मिल रही है।


छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में युवाओं के साथ ही बूढ़े, बच्चे व महिलाएं भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए छत्तीसगढ़िया ओलंपिक के राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में लंबी कूद, 100 मीटर दौड़ और कुश्ती के खेल में 18 से 40 वर्ष की आयु वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित करने की घोषणा की है। यह प्रावधान इसी सत्र से लागू होगा। संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के समापन के बाद अंतिम चरण में राज्य स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का आयोजन राजधानी रायपुर में 25 सितंबर से 27 सितंबर तक होगा।
छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में राज्य के 16 पारम्परिक खेल प्रतियोगिताएं दलीय व एकल श्रेणी में आयोजित की जा रही है। दलीय श्रेणी में गिल्ली डंडा, पिट्टूल, संखली, लंगड़ी दौड़, कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी और बांटी (कंचा) जैसी खेल विधाएं शामिल की गई हैं। वहीं एकल श्रेणी की खेल विधा में बिल्लस, फुगड़ी, गेड़ी दौड़, भंवरा, 100 मीटर दौड़, लम्बी कूद, रस्सी कूद और कुश्ती शामिल हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
