द सीजी न्यूज
दुर्ग / मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ के पारंपरिक तिहार पोला के अवसर पर क्षेत्रीय जनता को बड़ी सौगात दी। उन्होंने आज ग्राम उफरा और ग्राम रवेली के मध्य खारून नदी पर 8 करोड़ 35 लाख 81 हजार रुपए की लागत से नवनिर्मित पुल का लोकार्पण कर आवागमन हेतु जनता को समर्पित किया। खारून नदी पर पुल निर्माण के लिए क्षेत्रीय जनता कई साल से मांग कर रही थी। वर्तमान में पुल निर्माण हो जाने से क्षेत्र के 24 ग्रामों की लगभग 50 हजार लोगों को इसका लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज ग्राम उफरा के खारून नदी के तट पर बाबा कुटीर हनुमान मंदिर में विधि विधानपूर्वक पूजा अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ग्राम महुदा में आयोजित पोला महोत्सव में शामिल हुए। इस अवसर पर पोला महोत्सव को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गांव के युवा, बुजुर्ग और पहुना बहनों को पोरा तिहार की बधाई और शुभकामनाएं दी। इससे पहले मुख्यमंत्री ने बैलों की पूजा अर्चना की और बैल दौड़ का शुभारंभ किया। महोत्सव में स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

