रायपुर। भूपेश केबिनेट की बैठक में आज कई फैसले लिये गए। केबिनेट के फैसलों के मुताबिक छत्तीसगढ़ में एक नवंबर से धान की खरीदी होगी। किसानों से प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान खरीदा जाएगा। नवा रायपुर के कॉमर्शियल हब में व्यापारियों को 540 रु वर्गफीट में जमीन दी जाएगी। कौशल्या माता विहार में मकान खरीदने पर पत्रकारों को 15 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बैठक के बाद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बेमेतरा और कोरिया जिले के 122 चिटफंड निवेशकों को 38 लाख 40 हजार 784 रुपए की राशि लौटाई।
भूपेश कैबिनेट की बैठक में ये फैसले लिए गए
- खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में समर्थन मूल्य पर धान एवं मक्का के उपार्जन तथा कस्टम मिलिंग की नीति का निर्धारण किया गया। जिसके तहत भारत सरकार द्वारा घोषित समर्थन मूल्य के अनुसार धान और मक्का का उपार्जन किया जाएगा। समर्थन मूल्य पर किसानों से खरीफ धान की नगद व लिकिंग में खरीदी एक नवंबर 2023 से 31 जनवरी 2024 तक की जाएगी। खरीफ मक्का की खरीदी एक नवबंर 2023 से 28 फरवरी 2024 तक की जाएगी। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप किसानों से धान की खरीदी प्रति एकड 20 क्विंटल एवं मक्का प्रति एकड़ 10 क्विंटल लिकिंग सहित़ अधिकतम की जाएगी।
- कौशल्या माता विहार में मकान खरीदने पर पत्रकारों को मिलेगी 15 प्रतिशत की छूट।
- राजगामी संपदा को आबंटित भूमि में रियायत देने का निर्णय।
- मार्कफेड को धान उपार्जन के लिए शासकीय प्रत्याभूति की वैधता एक वर्ष बढ़ी।
- नेफेड के माध्यम से फोर्टीफाइड राइस कर्नेल की आपूर्ति करने की सहमति।
- ग्राम डूण्डा, सेजबहार और बोरियाकला, तहसील और जिला रायपुर में रियल स्टेट प्रोजेक्ट न्यू स्वागत विहार के स्वीकृत अभिन्यास और प्रभावितों को मिलेंगे प्लॉट। पूर्व में स्वीकृत 8 ले-आउट निरस्त ।
- न्यू स्वागत विहार कॉलोनी को अनधिकृत कालोनी मानते हुए होगा नियमितीकरण।
- कौशल्या माता विहार नगर विकास योजना में बिल्डर की कुछ भूमियों का योजना से अलग कर प्रभावितों को दिया जाएगा लाभ।
- नवा रायपुर अटल नगर में प्रस्तावित थोक व्यवसायिक बाजार या कॉमर्शियल हब परियोजना में व्यापरियों को 945 रुपए की जगह पर 540 रुपए प्रति वर्गफीट की दर से भूखंड दिया जाएगा।
- रायपुर एफएसएल के अंतर्गत वैज्ञानिक अधिकारी से वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी के पद पर प्रमोशन के लिए न्यूनतम सेवा अवधि 5 वर्ष में 4 माह कम किया गया।
- जनसंपर्क विभाग में अपर संचालक के 3 नए पद वेतन मैट्रिक्स लेवल-15 (वेतनमान 118500-214100) बनेंगे।
- राजगामी संपदा की भूमि वाईडनर मेमोरियल स्कूल को दी जाएगी।
- रत्नेश्वर कुर्मि क्षत्रिय सेवा संस्थान रतनपुर, छत्तीसगढ़ हल्बा आदिवासी समाज भिलाई-दुर्ग को शासकीय भूमि आबंटन में रियायत मिलेगी।
- गोंड समाज जिला-सरगुजा, रजवार समाज सूरजपुर, दिल्लीवार कुर्मी क्षत्रिय समाज राजनांदगांव, तहसील साहू संघ छुरिया, हरदिया साहू समाज रायपुर, साहू समाज दुर्ग को शासकीय भूमि आबंटन में रियायत मिलेगी।
- मनेन्द्रगढ़ नगरीय क्षेत्र में वर्ष 1959 के पहले के कब्जाधारियों को भूमि स्वामी का हक मिलेगा।
- ग्राम पंचायत घुमका राजनांदगांव, ग्राम पंचायत पोरथा सक्ती को नगर पंचायत बनाने के लिए निर्धारित मापदंड में छूट प्रदान करने का निर्णय लिया गया।
- छत्तीसगढ़ राज्य हिन्दी ग्रंथ अकादमी में सुदीप ठाकुर को संचालक (संविदा) बनाया गया।
- श्री रामेश्वर गहिरा गुरू प्राच्य संस्कृत महाविद्यालय कोट, जिला -बलरामपुर-रामानुजगंज को 100 प्रतिशत अनुदान प्रदान मिलेगा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
