द सीजी न्यूज
दिल्ली के भोगल से 25 करोड़ रुपये की चोरी के मामले में पुलिस की टीम ने छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर से दो लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें से एक आरोपी का नाम लोकेश और दूसरे का नाम शिवा है। भोगल इलाके की एक ज्वेलरी दुकान से कुछ दिनों पहले 25 करोड़ रुपये की ज्वेलरी की चोरी ने देश की राजधानी दिल्ली की पुलिस को हिलाकर रख दिया था। इस मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बिलासपुर पुलिस की टीम ने छत्तीसगढ़ के दुर्ग से दो लोगों को हिरासत में लिया है।
जानकारी के मुताबिक दिल्ली के भोगल में ज्वेलरी शॉप से 25 करोड़ रुपए मूल्य के गहने चोरी करने के बाद आरोपी छत्तीसगढ़ भाग गए थे। रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग पुलिस की टीमों के साथ मिलकर मुख्य आरोपी लोकेश श्रीवास और उसके सहयोगी को गिरफ्तार किया है। दिल्ली में वारदात को अंजाम देने के बाद लोकेश दुर्ग जिले में भिलाई के स्मृति नगर में छिपा था। आरोपी के कब्जे से 18 किलो सोना और हीरा बरामद किया गया है। लोकेश के साथी शिवा चंद्रवंशी को बिलासपुर पुलिस ने कवर्धा से गिरफ्तार किया है। उसके पास से 23 लाख के जेवर जब्त किए गए हैं। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी पहले भी भिलाई के पारख ज्वेलर्स में हुई बड़ी चोरी में गिरफ्तार हो चुका है।
एसपी बिलासपुर संतोष सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ के दुर्ग से एक आरोपी के पास से 12.50 लाख रुपये नकद और 18 किलो से अधिक सोना और हीरे जब्त किए गए हैं। 26 सितंबर को अज्ञात लोगों ने दिल्ली के भोगल इलाके के उमराव सिंह ज्वैलर्स के शोरूम से 25 करोड़ रुपये के ज्वेलरी की चोरी कर राजधानी में सनसनी मचा दी थी। चोर गहने के शोरूम की छत काटकर अंदर दाखिल हुए और स्ट्रांग रूम की दीवार में सेंध लगाकर करोड़ों के सोने और हीरे के गहने लेकर फरार हो गए।
शोरूम मालिक को घटना का पता उस समय चला जब मंगलवार यानी 26 सितंबर की सुबह वारदात का खुलासा हुआ। जानकारी के मुताबिक शोरूम मालिक ने 24 सितंबर की रात 8 बजे दुकान बंद की और 26 सितंबर सुबह करीब 10 बजकर 30 मिनट जब दुकान खोली तो घटना के बारे में पता चला। दुकान के मालिक ने पुलिस को बताया था कि 30 किलोग्राम सोने के आभूषण और पांच लाख रुपये नकद चोरी हुई है। हजरत निजामुद्दीन पुलिस थाने में यह मामला दर्ज किया गया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

