- बस्तर में कनेक्टिविटी के चलते पर्यटन गतिविधि बढ़ी : स्थानीय संस्कृति का प्रचार प्रसार बढ़ा : अनुबंध बढ़ाने और वीजीएफ के भुगतान पर छूट प्रदान करने किया अनुरोध
- बंद किये गये बिलासपुर-इंदौर बिलासपुर व बिलासपुर-भोपाल- बिलासपुर विमान सेवा पुनः प्रारंभ करने का अनुरोध
द सीजी न्यूज
रायपुर। रायपुर-जगदलपुर-हैदराबाद एयर रूट पर विमान सेवा के लिए अलायंस एयर से अनुबंध की अवधि बढ़ाने और बिलासपुर एयरपोर्ट से देश के प्रमुख शहरों में विमान सेवा आरंभ करने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने बंद किये गये बिलासपुर-इंदौर-बिलासपुर और बिलासपुर-भोपाल-बिलासपुर विमान सेवा पुनः आरंभ किये जाने का अनुरोध भी किया है।
मुख्यमंत्री ने पत्र में लिखा है कि जगदलपुर विमान सेवा के चलते बस्तर को देश के पर्यटन नक्शे में आने का मौका मिला है और बस्तर की संस्कृति राष्ट्रीय पटल पर उभरी है। बिलासपुर से भी नागरिक सुविधाओं को देखते हुए प्रमुख शहरों से विमान सेवाएं आरंभ किये जाने की जरूरत है।
पत्र में मुख्यमंत्री ने लिखा है कि देश के आम आदमी को सस्ती हवाई सेवा का लाभ दिलाने के लिये सरकार द्वारा प्रारम्भ की गयी रीजनल कनेक्टिविटी योजनांतर्गत छत्तीसगढ़ में जगदलपुर व बिलासपुर एयरपोर्ट से घरेलू विमान सेवा प्रारम्भ होने से प्रदेश की जनता को सस्ती घरेलू विमान सुविधा उपलब्ध हुआ है। योजनांतर्गत विमान सेवाओं के संचालन हेतु एयरपोर्ट के विकास सहित आरसीएस विमान सेवाओं के लिये निर्धारित वायबीलिटी गॅप फण्डिंग के समयबद्ध भुगतान की जिम्मेदारियों का निर्वहन राज्य शासन द्वारा प्रतिबद्ध रूप से किया जा रहा है।
आरसीएस योजना अंतर्गत सितम्बर 2020 में अलायंस एयर कम्पनी द्वारा उनके 72 सीटर विमान के माध्यम से रायपुर जगदलपुर हैदराबाद सेक्टर में नियमित घरेलू विमान सेवा संचालन प्रारंभ किया गया था, जो 03 वर्ष तक निरंतर सफलतापूर्वक संचालित होती रही इस विमान सेवा से बस्तर जैसा आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र राष्ट्रीय वैमानिकी पटल पर शामिल हुआ तथा क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि के साथ स्थानीय संस्कृति का प्रचार प्रसार सम्पूर्ण देश में हुआ।
राज्य सरकार द्वारा बिलासपुर एयरपोर्ट को 4C-IFR श्रेणी में विकसित करने हेतु कार्यवाही की जा रही है। इस प्रक्रिया में एयरपोर्ट में 3C-IFR मापदण्ड अनुसार नाईट लैडिंग सुविधा के लिए लाईटिंग का कार्य किया जा रहा है। बिलासपुर एयरपोर्ट से विमान सेवाओं की सभावना को देखते हुये पूर्व में केन्द्र सरकार से पत्राचार द्वारा बिलासपुर से देश के अन्य प्रमुख शहरों के लिए विमान सेवा संचालन प्रारंभ करने तथा बंद किये गये बिलासपुर-इंदौर बिलासपुर व बिलासपुर भोपाल- बिलासपुर विमान सेवा पुनः प्रारंभ करने का अनुरोध किया गया है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
