Breaking News

भूपेश बोले : गंगाजल पर जीएसटी लगा दिया … गौमाता की रक्षा के नाम पर आतंक फैलाने वालों का चेहरा हो गया बेनकाब : बनारस के किसानों को 25 सौ रुपए प्रति क्विंटल मूल्य क्यों नहीं मिल रहा ?

  • रमन सरकार के कार्यकाल में हुए कांड की दिलाई याद

द सीजी न्यूज

चुनाव की तारीख का ऐलान होते ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा पर चौतरफा हमला शुरू कर दिया है। आक्रामक बयानों और तीखे तेवर के साथ भाजपा को घेरने में माहिर भूपेश बघेल ने आज सोशल मीडिया पर एक के बाद एक कई पोस्ट कर भाजपा को घेरा है। भूपेश ने जहां गंगाजल पर जीएसटी लगाने को लेकर जहां केंद्र की मोदी सरकार पर हमला किया, वहीं 15 साल तक छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार और पिछले 5 साल के कांग्रेस सरकार के कार्यों की तुलना भी की है।

भूपेश ने गंगाजल पर जीएसटी लगाने पर केंद्र सरकार को घेरते हुए सवाल किया – क्या श्रद्धालु पूजा पाठ न करें। केंद्र की भाजपा सरकार की मंशा तो ऐसी ही लग रही है। मोदी सरकार ने चार दिन पहले गंगाजल पर जीएसटी लगाने का निर्णय किया है। जिससे नकली रामभक्त, सनातन संस्कृति के महिमा मंडन का ढोंग करने वाले और गौमाता की रक्षा के नाम पर आतंक फैलाने वालों का चेहरा बेनकाब हो गया है। मोदी जी जनभावनाओं का सम्मान करते हुए गंगाजल पर जीएसटी लगाने का निर्णय तत्काल वापस लें। 

एक अन्य पोस्ट में भूपेश बघेल ने सवाल किया है कि बनारस के किसानों को 25 सौ रुपए प्रति क्विंटल धान का मूल्य क्यों नहीं मिल रहा है। गौरतलब है कि पीएम नरेंद्र मोदी सहित भाजपा के केंद्रीय व प्रादेशिक नेता लगातार यह बयान दे रहे हैं कि छत्तीसगढ़ के किसानों के धान का एक-एक दाना केंद्र सरकार खरीद रही है। ऐसे में भूपेश बघेल ने सवाल किया है कि पीएम नरेंद्र मोदी के लोकसभा क्षेत्र बनारस में किसानों को 2500 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान का मूल्य क्यों नहीं मिल रहा है।   

एक अन्य पोस्ट में भूपेश बघेल ने 15 साल के रमन शासनकाल और 5 साल के भूपेश शासनकाल की तुलना की है। भाजपा शासनकाल में आंखफोड़वा कांड, गर्भाशय कांड, नसबंदी कांड, पोरा बाई कांड का उल्लेख करते हुए भूपेश ने कांग्रेस शासनकाल में स्वामी आत्मानंद स्कूल, सबको 35 किलो चावल प्रतिमाह, हाफ बिजली बिल, कालेज जाने के लिए बच्चों को फ्री बस सुविधा देने का जिक्र किया है।

चुनावी दंगल की शुरू होने के साथ ही भूपेश बघेल और रमन सिंह समेत अन्य कांग्रेस-भाजपा नेताओं के बीच जुबानी जंग और तेज होना तय है। देखना ये है कि आरोप-प्रत्यारोप के दौर में आम जनता किसकी बोलती बंद करती है?

Check Also

शिक्षा मंत्री से मिले रिकेश : तूफान और खराब मौसम के कारण स्कूलों में दो दिन का अवकाश घोषित करने की मांग की

THE CG NEWS भिलाई नगर। जिले में तूफान और मौसम में लगातार हो रहे बदलाव …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!