द सीजी न्यूज
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सांसद अरुण साव ने कांग्रेस की दो सूचियों में 83 उम्मीदवार घोषित हो जाने पर कहा है कि भाजपा ने अब तक 44 नए चेहरे जनता के सामने पेश किए हैं। यह आंकड़ा कांग्रेस से दोगुना है। भाजपा नए चेहरों के साथ छत्तीसगढ़ विकास की नई गाथा लिखने तैयार है। कांग्रेस में कुछ सीटों पर ही बदलाव किये जाने से हाहाकार मच गया है। कांग्रेस का टिकट वितरण उसके आंतरिक डर को दर्शा रहा है।
साव ने कहा कि हम विपक्ष में हैं। अनुभवी पुराने चेहरों के साथ -साथ उतनी ही संख्या में नए और संभावनाओं से भरे चेहरे सामने रखे हैं जबकि कांग्रेस ने अपने मुठ्ठी भर विधायकों को असफल मानकर उन्हें मैदान में उतारने का जोखिम नहीं उठाया। कांग्रेस के सभी विधायक नकारा साबित हुए हैं। कांग्रेस ने मजबूरी में जो बदलाव किया है, वहां सिर फुटौव्वल मची है। वहां के नजारे देख कर कांग्रेस समझ गई है कि अब उसे सड़क पर आने से कोई नहीं बचा सकता।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष साव ने कहा कि कांग्रेस में बगावत हो गई है। रुझान आना शुरू हो गया है। एजाज ढेबर ने प्रियंका गांधी के कदमों में फूल बिछाए, उनको टिकट न मिलने पर एक समर्थक ने खुद पर केरोसिन डाल लिया। हजार लोग नारेबाजी करके कांग्रेस नेतृत्व को गरिया रहे हैं। लोग कह रहे हैं कि प्रियंका के लिए इतने फूल बिछाने का क्या फायदा ? अपने नेतृत्व को अपशब्द कह रहे हैं ? कांग्रेस के पाली तानाखार विधायक मोहित राम केरकेट्टा ने ऐलान कर दिया है कि वे कांग्रेस के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
