- चुनाव में मतदाताओं को प्रभावित करने की आशंका, बसना में भी कार्रवाई
द सीजी न्यूज
महासमुंद जिले के सिंघोड़ा में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान 1 करोड़ रुपए मूल्य की साड़ियां जब्त की हैं। आशंका है कि ये साड़ियां छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को बांटने के लिए लाई जा रही थीं। पुलिस इस बारे में ट्रक ड्राइवर से पूछताछ कर रही है। बसना थाना क्षेत्र में भी 55 हजार रुपए की साड़ियां जब्त की गई हैं।
विधानसभा चुनाव 2023 को लेकर सिंघोड़ा थाना पुलिस ओडिशा सीमा से सटी अन्तर्राजीय चेक पोस्ट रेहटीखोल के पास चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान ओडिशा के बरगढ़ की ओर से आयशर ट्रक क्रमांक MH 04 L E 5608 आता हुआ नजर आया। जांच करने पर उसमें साड़ियां लोड पाई गईं।
पुलिस ने ट्रक रुकवाया और गाड़ी की तलाशी ली। इस दौरान 16 हजार साड़ियां जब्त की गईं। बाजार में इनकी कीमत 1 करोड़ रुपए बताई गई है। पूछताछ में ट्रक ड्राइवर इन साड़ियों से संबंधित कोई बिल या रसीद पुलिस को नहीं दिखा सका।
ट्रक ड्राइवर ने पूछताछ में अपना नाम सहदेव राना (34) बताया। वो झांरखंड के हजारीबाग जिले का रहने वाला है। इतने बड़े पैमाने पर साड़ियां कहां ले जाई जा रही थी, इसे लेकर ड्राइवर ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। बाद में उसने बताया कि वो चिरकुंडा धनबाद से साड़ी लोड कर सूरत लेकर जा रहा था। पुलिस को शक है कि साड़ियां छत्तीसगढ़ चुनाव में मतदाताओं को बांटकर वोटर्स को प्रभावित करने के लाई जा सकती हैं।
सिंघोड़ा थाना प्रभारी उमेश वर्मा ने बताया कि ट्रक में प्लास्टिक की 99 सफेद बोरियां मिली। खोलकर देखने पर उनसे 16 हजार साड़ियां बरामद हुईं। ट्रक ड्राइवर साड़ियों का बिल्टी चालान सहित अन्य दस्तावेज प्रस्तुत नहीं सका, इसलिए साड़ियों से भरे ट्रक को जब्त कर लिया गया है।
बसना में भी 55 हजार की साड़ियां जब्त
महासमुंद जिले के ग्राम नवागांव में भी उड़नदस्ता और बसना पुलिस ने राजेश भोई नाम के व्यक्ति के घर से 275 साड़ियां जब्त की हैं, जिसकी कीमत करीब 55 हजार रुपए है। जिला निर्वाचन अधिकारी प्रभात मलिक की ओर से गठित उड़नदस्ता अलग-अलग जगहों पर छापे मार कर कार्रवाई कर रहा है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
