- अनेमिया मुक्त जिला अभियान की शुरुआत भी कर रही है संस्था
द सीजी न्यूज
जन सेवा में अग्रणी भूमिका निभाने वाली सामाजिक संस्था सेवक जन फाउंडेशन द्वारा सेवाभावी चिकित्सकों का सम्मान किया गया। वर्ष 2023 मे संस्था द्वारा दुर्ग जिले में अलग-अलग स्थानों पर कुल 62 स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया, जिसमें सहयोग देने वाले चिकित्सकों और चिकित्साकर्मियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. मानसी गुलाटी ने मोमेंटो देकर सम्मान किया। उनके सेवाभावी कार्यों की मुक्तकंठ से प्रशंसा भी की। डॉ गुलाटी ने संस्था के कार्यों की सराहना भी की।
संस्था के उपाध्यक्ष हरजिन्दर सिंह ने बताया कि संस्था विगत 4 वर्षों से मुख्य रूप से स्वास्थ्य के क्षेत्र में निशुल्क शिविर का आयोजन कर रही है। आँखों की जाँच, दंत परीक्षण शिविर, महिला व बच्चों की विशेषज्ञ चिकित्स्कों द्वारा जाँच समय समय पर कराने के लिए शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
संस्था की महिला अध्यक्ष प्रभा पटेरिया ने संस्था की भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि दुर्ग जिले को एनीमिया फ्री बनाने का लक्ष्य रखा गया है। यही संस्था का विज़न है। संस्था सभी जिलों में ब्लॉक, वार्ड, सेक्टर और स्कूल स्तर पर लगातार कैंप लगाकर बच्चों, महिलाओं और खासकर गर्भवती महिलाओं के हीमोग्लोबिन की जाँच कर रही है। आगामी दिनों में भी यह मिशन जारी रहेगा।
गर्भवती महिला के प्रसव के समय एनीमिया से पीड़ित होने पर उन्हें रक्त चढ़ाने की आवश्यकता होती है। रक्त चढ़ाने से बचने के लिए जिन महिलाओ या बच्चों या अन्य व्यक्ति का हीमोग्लोबिन कम होगा, उनको एक महीने का एक किट बना कर निशुल्क दिया जाएगा और उनको प्रति माह मॉनिटर भी किया जाएगा।
संस्था के संस्थापक व संयोजक विकास जायसवाल ने बताया कि किसी भी विकसित देश की सफलता के पीछे तीन महत्वपूर्ण कार्य होते हैं। शिक्षा, सुरक्षा और स्वास्थ्य। हर कोई हर काम नहीं कर सकता। अपनी अपनी क्षमता के अनुसार हंम सेवाभावी कार्य कर सकते हैं। दुर्ग जिले को एनीमिया फ्री बनाने में सभी का सहयोग आवश्यक है।
कार्यक्रम में अतिथि मानसी गुलाटी ने डॉ.मिलेंद्र कश्यप, डॉ.नेहा सिंह, पूर्णिमा भीमटे, पंपा खरे, मनोज मानिकपुरी, सतीश सिन्हा, डॉ प्रभा पटेरिया, डॉ.पूजा शर्मा, डॉ.के.एन. खान का सम्मान किया। संस्था के जिला अध्यक्ष नयन गुलहने, रूपल गुप्ता, चमन वर्मा ,स्वीटी, शोहद्रा , दामिनी, गोपी साहू, नितिन वर्मा उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
