द सीजी न्यूज
छत्तीसगढ़ में सीएम के नाम की घोषणा के साथ ही डिप्टी सीएम के नाम का भी एलान कर दिया गया है। राज्य में दो डिप्टी सीएम होंगे। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव और विजय शर्मा को डिप्टी सीएम बनाया जाएगा, जबकि पूर्व सीएम रमन सिंह विधानसभा के अध्यक्ष बनाए जाएंगे।
बीजेपी ने सीएम पद के लिए जहां आदिवासी नेता का चुनाव किया है तो वहीं दो डिप्टी सीएम के चुनाव के वक्त ओबीसी वोट बैंक को भी ध्यान में रखा गया है। अरुण साव ओबीसी समाज से आते हैं। विजय शर्मा कबीरधाम जिले के कवर्धा से बीजेपी विधायक हैं। उन्होंने 39, 592 वोटों के अंतर से मंत्री मोहम्मद अकबर को हराया है। विजय शर्मा छत्तीसगढ़ बीजेपी के प्रदेश महासचिव हैं। बीजेपी युवा मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। 50 वर्षीय विजय शर्मा पहली बार विधायक बने हैं।
पहली बार विधायक निर्वाचित हुए हैं अरुण साव
अरुण साव की बात करें तो उन्होंने मुंगेली जिले की लोरमी सीट से कांग्रेस प्रत्याशी थानेश्वर साहू को 45891 वोटों से हराया है। वह फिलहाल बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष हैं। पिछले साल अगस्त महीने में ही उन्हें विष्णु देव साय की जगह प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई थी। वे बिलासपुर लोकसभा सीट से सांसद रहे हैं। विधायक निर्वाचित होने के बाद केंद्रीय नेतृत्व ने उनसे सांसद के पद से इस्तीफा मांगा था। विजय शर्मा की तरह 55 वर्षीय अरुण साव भी पहली बार विधायक निर्वाचित हुए हैं।
तीन बार के सीएम रमन सिंह के अनुभव का मिलेगा फायदा
बीजेपी की तरफ से विधानसभा अध्यक्ष के पद के लिए चुने गए रमन सिंह छत्तीसगढ़ की बीजेपी सरकार में तीन बार सीएम रहे हैं। इस बार भी वह सीएम पद की रेस में शामिल थे। लेकिन पार्टी ने उनके अनुभव का इस्तेमाल असेंबली स्पीकर के रूप में करने का फैसला किया है। रमन सिंह ने अपने पारंपरिक राजनांदगांव से चुनाव जीता है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
