द सीजी न्यूज
दुर्ग/ वीर बाल दिवस के अवसर पर आज उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दुर्ग स्थित गुरूद्वारा में माथा टेक कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि मानवता के लिए अस्मिता बचाने के लिए वीर बालकों ने एक मिसाल कायम की। आज का दिन गुरु गोविंद सिंह जी के दोनों साहिबजादों की शहादत का दिन है। सात और नौ वर्ष की आयु में दोनों वीरों को शहादत मिली। मुगलों के दबाव के बावजूद भी उन्होंने कुर्बानी चुनी। सिख समाज का इतिहास ऐसी गौरवशाली कुर्बानियों से भरा पड़ा है।
उप मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि सिख समाज के दसवें गुरु गोविंद सिंह के साहिबजादों ने मुगलों से हार नहीं मानी, इसलिए उन्हें दीवार में चुनवा दिया। उन्होंने कहा कि हमारे समाज का मान बिंदु यही होना चाहिए और इसे समाज के बीच रखना चाहिए। उनकी शहादत पूरे भारतवर्ष के लिए प्रेरणा का विषय है। उन वीर बालकों की शहादत को याद करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को धन्यवाद देता हूॅ।
सांसद विजय बघेल ने अपने संक्षिप्त उद्बोधन में कहा कि हम सब शहीदों को याद करने के लिए उपस्थित हुए हैं, जो हर भारतीय लोगों के दिल में है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को धन्यवाद दिया, जिन्होंने सभी शहादतों को याद किया। गुरू गोविंद सिंह के पूरे परिवार ने हिन्दू धर्म की स्थापना के लिए अपने पूरे परिवारों की कुरबानी दे दी।
इस अवसर पर विधायक गजेन्द्र यादव, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, जितेन्द्र वर्मा , कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा, एस.एस.पी. रामगोपाल गर्ग व सीईओ जिला पंचायत अश्वनी देवांगन सहित सिख समाज के जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal





