- नव वर्ष के आयोजन को लेकर प्रशासन ने ली बैठक : सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम के दिए गए निर्देश
द सीजी न्यूज
रायपुर / राजधानी में 31 दिसंबर शाम-रात को नववर्ष के होने वाले आयोजनों और शहर में कानून व्यवस्था को लेकर नगर निगम आयुक्त मयंक चतुर्वेदी व प्रभारी पुलिस अधीक्षक जी.आर. ठाकुर ने बैठक ली। बैठक में चतुर्वेदी ने कहा कि आज राजधानी के भीतर और बाहरी इलाकों जैसे नया रायपुर, राम मंदिर रोड, मेरिन ड्राईव सहित सभी चौक-चौराहों पर सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किया जाएं। देर रात चलने वाली पार्टियों पर कमान कसनी होगी। ऐसे रेस्टोरेंट व हॉटलों के आसपास पुलिस सादी वर्दी में तैनात रहेगी। सीसीटीव्ही कैमरे से नजर रखी जाएगी। यदि कोई हुड़दंग करते या शांति व्यवस्था में बाधा पहुंचाते पाया जाता है तो तुरंत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
चतुर्वेदी ने कहा कि सभी बार या क्लब निर्धारित समय में बंद होंगे। यदि वे निर्धारित समय के बाद खुले पाए जाएंगे तो उन पर कार्रवाई करते हुए उनके लायसेंस का निलंबन होगा और निरस्त करने की प्रक्रिया भी की जाएगी। एफएल-5 (क) अनुज्ञप्ति लेने वाले हॉटल या स्थल पर कार्रवाई करते हुए भविष्य में लायसेंस लेने पर प्रतिबंध लगा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे स्वयं, पुलिस अधीक्षक, एडीएम, एसडीएम, तहसीलदार सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी एएसपी, सीएसपी और थाना प्रभारी टीम बनाकर अपने-अपने क्षेत्र में गश्त करेंगे और असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई करेंगे।
नगर निगम आयुक्त मयंक चतुर्वेदी ने कहा कि यदि कोई शराब पीकर वाहन चलाते पकड़ा जाता है तो तुरंत एक्शन होगा और वाहन जप्त कर लिया जाएगा। चौक-चौराहों पर ब्रेथ एनालाईजर से कड़ाई से चेकिंग की जाएगी। तेज गति से और तेज हार्न बजाते हुए और दो पहिया वाहन पर दो से अधिक सवारी चलाते हुए पकड़े गए तो उन पर भी पुलिस कार्रवाई करेगी।
चतुर्वेदी ने कहा कि आपातकालीन स्थिति पर चिकित्सा सहायता के लिए एम्बुलेंस और डॉक्टरों की टीम तैनात रहेगी और आवश्यकता पड़ने पर मदद करेगी। चतुर्वेदी ने नव वर्ष की सुबह प्रमुख मंदिरों और नया रायपुर सहित पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्थित करने के लिए निर्देश दिए।
प्रभारी एसपी जी.आर. ठाकुर ने कहा कि सभी पुलिस अधिकारी पेट्रोलिंग टीम के साथ निरंतर गश्त करें और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों पर तुरंत एक्शन लें। बैठक में एडीएम, एसडीएम और पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
