द सीजी न्यूज
1962 युद्ध के नायक मेजर शैतान सिंह का स्मारक ध्वस्त किए जाने पर मल्लिकार्जुन खरगे ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह सरकार चीनी मंसूबों के आगे घुटने टेक चुकी है। गौरतलब है कि वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर बने बफर जोन की वजह से 1962 युद्ध के नायक मेजर शैतान सिंह का स्मारक ध्वस्त कर दिया गया है। इसे लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बीजेपी ने शैतान सिंह के मेमोरियल को धराशायी कर देश को एक बार फिर से अपने फर्जी देशभक्त होने का सबूत दिया है।
उन्होंने कहा कि भारत माता के वीर सपूत, परम वीर चक्र से सम्मानित और 1962 रेजांग-ला युद्ध के महानायक मेजर शैतान सिंह के चुशूल, लद्दाख स्थित मेमोरियल को ध्वस्त किए जाने की खबर बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने प्रधानमंत्री पर शायराना अंदाज में तीखा हमला बोला और कहा, “चीन पर लाल आंख तो ली मूंद, अपमानित की वीर जांबाजों के बलिदान की हर बूंद!” खरगे ने कहा कि खबरों के मुताबिक क्या यह इसलिए किया गया है, क्योंकि चीन के साथ बातचीत के बाद से अब बफर जोन भारतीय क्षेत्र में आ गया है ? उन्होंने पूछा कि क्यों पीएम मोदी और शी जिंनपिग के 2014 से आजतक 20 मेल-मिलापों के बाद भी भारत को देपसांग प्लेन, पैंगोंग त्सो, डेमचौक और गोगरा-हॉटस्प्रिंग क्षेत्र पर मई 2020 के पहले की वस्तुस्थिति बरकरार रखवाने में मोदी सरकार विफल रही है ?
गौरतलब है कि हाल ही में लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद के सदस्य खोनचोक स्टैनजिन ने कहा था कि मेजर शैतान सिंह का स्मारक अब बफर जोन में आ चुका है। इस दौरान उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक तस्वीर भी शेयर थी है, जिससे पता चलता है कि स्मारक अक्टूबर 2020 तक भारतीय के कंट्रोल में था। उस समय कुमाऊं रेजिमेंट की 8वीं बटालियन ने इसका नवीनीकरण किया था।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
